बीडीओ ने मनरेगा, पीएम आवास और अबुआ आवास योजनाओं में गति लाने के दिये निर्देश
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 29 Jul 2025 11:13 PM
ठाकुरगंगटी में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न
ठाकुरगंगटी प्रखंड सभागार में मंगलवार को बीडीओ विजय कुमार मंडल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता और कंप्यूटर ऑपरेटर समेत अन्य कर्मियों ने भाग लिया. बैठक में बीडीओ ने पूर्व बैठक के निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी कर्मियों से योजनाओं की जानकारी ली. उन्होंने मनरेगा योजना के कार्यों में तेजी लाने, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लंबित सर्वेक्षण शीघ्र पूर्ण करने और अधूरे आवासों की अद्यतन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिये. अबुआ आवास योजना को प्राथमिकता देने की बात करते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि लेबर डिमांड तत्काल डाली जाये. बीडीओ ने सख्त लहजे में कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्यों की रिपोर्ट समय पर एवं सत्यता के आधार पर प्रस्तुत की जाये. उन्होंने सचिवों व रोजगार सेवकों को क्षेत्र भ्रमण कर वस्तुस्थिति की जानकारी देने को कहा और स्पष्ट किया कि किसी भी गड़बड़ी पर कार्रवाई तय है. अभियंताओं को चेतावनी दी गयी कि बिना स्थल निरीक्षण के कोई भी रिपोर्ट तैयार करना अनुचित है और ऐसा करने पर कड़ी कार्रवाई होगी. सिंचाई कूपों का कार्य एक सप्ताह में पूर्ण करने तथा योजना स्थल पर बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने का भी निर्देश दिया गया. साथ ही कहा कि अब पुराने ढर्रे पर काम नहीं चलेगा. पंचायत भवनों को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखना आवश्यक है. बैठक में पंचायती राज पदाधिकारी दिलान कुमार हांसदा, बीपीओ बेंजामिन हांसदा, सहायक अभियंता मरगूब अहमद, कनीय अभियंता हेमंत टुडू, निरंजन कुमार, अनूप कुमार सहित अन्य उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










