तलवरिया गांव के ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 26 Sep 2025 11:19 PM
एनटीपीसी पर उपेक्षा का आरोप, मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर हुआ आंदोलन तेज
राजमहल कोल परियोजना से जुड़ी फरक्का एनटीपीसी एमजीआर रेलवे लाइन के पास तलवरिया गांव के ग्रामीणों ने शुक्रवार से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है. यह आंदोलन संथाल परगना औद्योगिक मजदूर संघ के बैनर तले किया जा रहा है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एनटीपीसी प्रबंधन ने गांव की जमीन का अधिग्रहण कर रेलवे लाइन का निर्माण तो कर लिया, लेकिन बदले में गांव को अब तक कोई मूलभूत सुविधा मुहैया नहीं करायी गयी है. गांव में अब तक पक्की सड़क नहीं बनी है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. वर्षा के समय कच्ची सड़क पर कीचड़ भर जाता है, जिससे स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. ग्रामीणों की मुख्य मांगों में गांव में पक्की सड़क का निर्माण, पीने के पानी की उचित व्यवस्था, सार्वजनिक तालाब की सुविधा आदि है. संघ के सचिव राम जी साह एवं सहायक सचिव सोनाराम मड़ैया ने बताया कि ग्रामीणों ने इससे पहले 12 सितंबर को एकदिवसीय धरना कर एनटीपीसी प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा था और 25 सितंबर तक समाधान की मांग की थी. चेतावनी दी गई थी कि यदि निर्धारित समय तक ठोस पहल नहीं हुई, तो 26 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा. प्रबंधन की चुप्पी से आक्रोशित ग्रामीणों ने आंदोलन तेज कर दिया है. उन्होंने यह भी कहा है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो सूचना देकर रेलवे लाइन जाम किया जाएगा. गांव के लोगों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार नहीं किया जाता, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा, आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण डटे हुए हैं और प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










