अस्पताल जाने वाली सडकों पर तिपहिया वाहनों का कब्जा, हादसे का खतरा

गोड्डा में सदर अस्पताल रोड पर बढ़ती अव्यवस्था, मरीजों और नागरिकों में चिंता
गोड्डा जिला मुख्यालय की सबसे व्यस्त और संवेदनशील सड़क सदर अस्पताल रोड इन दिनों गंभीर प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार है. सड़क पर तिपहिया वाहनों और अवैध खोमचों के कारण मार्ग सिकुड़ गया है, जिससे हर वक्त बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है. सदर अस्पताल रोड केवल सामान्य सड़क नहीं है, बल्कि यह शहर का प्रमुख प्रशासनिक और स्वास्थ्य मार्ग है. सड़क के एक तरफ सदर अस्पताल, और दूसरी तरफ परिवार न्यायालय, मंडल कारा और आईएमए भवन स्थित हैं. इन संस्थानों के कारण यहां हर समय जज, अधिवक्ता, पुलिस वाहन, कैदी वाहन और गंभीर मरीजों को लेकर आने-जाने वाली एंबुलेंस की भारी आवाजाही रहती है. स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों का कहना है कि सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने तिपहिया चालक अपनी गाड़ियों को बीच सड़क पर खड़ी कर सवारियां बिठाते हैं. साथ ही सड़क किनारों पर अवैध रूप से खोमचे लगे होने के कारण चौड़ी सड़क अब एक पतली गली में बदल गयी है. इस वजह से एंबुलेंस गंभीर मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचते समय जाम में फंस जाती है और कई बार 05 से 10 मिनट का समय अस्पताल के अंदर पहुंचने में लग जाता है, जो किसी भी आपातकालीन मरीज के लिए जानलेवा साबित हो सकता है. स्थानीय नागरिक और बुद्धिजीवी जिला प्रशासन, नगर परिषद और यातायात पुलिस से मांग कर रहे हैं कि अस्पताल और कोर्ट के सामने तिपहिया वाहनों के अवैध पड़ाव को तुरंत हटाया जाये. खोमचे वालों को चिह्नित कर वेंडिंग जोन में स्थानांतरित किया जाये. यदि समय रहते इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया, तो किसी भी समय कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










