रेफरल अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, बेहतर इलाज पर दिया गया जोर

Author Sanjeet kumar|Edited by Priya Gupta
Updated:
विज्ञापन
बैठक में उपस्थित चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी. | Prabhat Khabar Network

बैठक में उपस्थित चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी. | Prabhat Khabar Network

ठाकुरगंगटी रेफरल अस्पताल में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों के बेहतर इलाज को लेकर समीक्षा बैठक की।

विज्ञापन

ठाकुरगंगटी प्रखंड स्थित हरिदेवी रेफरल अस्पताल के सभागार में गुरुवार को प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विवेक कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों, एएनएम तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया. बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. सिन्हा ने कहा कि बेहतर समन्वय और टीमवर्क के माध्यम से ही मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करायी जा सकती हैं. उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराना सभी स्वास्थ्य कर्मियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है. उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिया कि ओपीडी सेवाओं में किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं आना चाहिए. साथ ही दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति में आने वाले मरीजों का तत्काल उपचार सुनिश्चित किया जाये. इसके लिए ड्रेसिंग कक्ष में 24 घंटे स्वास्थ्य कर्मी की उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया.

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा करते हुए ऑक्सीजन सहित अन्य आवश्यक जीवनरक्षक उपकरणों एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि सभी कर्मी समय-समय पर उपकरणों की कार्यशील स्थिति और स्टॉक की नियमित जांच करते रहें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल सुविधा उपलब्ध करायी जा सके. उन्होंने कहा कि रेफरल अस्पताल गंभीर मरीजों के उपचार का महत्वपूर्ण केंद्र है. इसलिए यहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता है. उन्होंने बताया कि अस्पताल की आवश्यकताओं एवं संसाधनों की कमी को लेकर क्षेत्रीय विधायक सह मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से चर्चा की गयी है और चरणबद्ध तरीके से कमियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा.

डॉ. सिन्हा ने क्षेत्र के सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने पर बल दिया. उन्होंने कहा कि सीएचओ को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी स्वास्थ्य उपकेंद्र प्रतिदिन नियमित रूप से संचालित हों. सरकार द्वारा उपलब्ध कराये गये उपकरणों एवं दवाओं का समुचित उपयोग करते हुए ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करायी जायें, उन्होंने स्वास्थ्य उपकेंद्रों के नियमित एवं औचक निरीक्षण की आवश्यकता पर भी जोर देते हुए कहा कि ड्यूटी में लापरवाही या अनियमितता पाये जाने पर संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. बैठक में चिकित्सक डॉ. सुमन कुमार, डॉ. गोपाल यादव, डॉ. राजकुमार साहिल, डॉ. अभिषेक कुमार, सेवानिवृत्त प्रधान सहायक विनय कुमार सिन्हा, सुधीर कुमार मुर्मू सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे.


विज्ञापन
Sanjeet Kumar

लेखक के बारे में

By Sanjeet Kumar

Loading Review Hub...

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola