गोड्डा के छठ घाटों पर गंदगी, रास्ते की स्थिति भी दयनीय

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 22 Oct 2025 6:57 PM

विज्ञापन

गोड्डा में छठ पूजा की तैयारियां धीमी और अधूरी हैं, जिससे नगर परिषद प्रशासन की क्षमता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कई प्रमुख छठ घाटों जैसे मूलर्स टैंक, राजकचहरी, शिवगंगा, और कझिया नदी की सफाई पूरी नहीं हो सकी है। मूलर्स टैंक, जो प्रमुख घाट है, वहाँ गंदगी और सेवा सुविधाओं की कमी दिखाई दे रही है। श्रद्धालु पूजा सामग्री और प्लास्टिक की वजह से तालाब गंदा होता है, जबकि सफाई कर्मी निरंतर प्रयासरत हैं। कुछ घाटों की सफाई छठ पूजा समितियाँ खुद कर रही हैं। प्रशासन ने सुरक्षा, रोशनी और जल स्तर की जांच की, लेकिन जमीन पर सुधार की जरूरत बनी हुई है ताकि श्रद्धालुओं को सुविधा मिल सके और पर्व की गरिमा बनी रहे।

विज्ञापन

श्रद्धा के पर्व में सफाई की परीक्षा, नगर परिषद के लिए चुनौती प्रतिनिधि, गोड्डा. लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा 25 अक्तूबर को नहाय-खाय से शुरू हो रहा है. इस बीच गोड्डा के गली-मुहल्लों में छठ पूजा के गीत घर-घर गूंजने लगे हैं. छठ पूजा के शुरुआत में दो दिन शेष होने के बावजूद नगर परिषद की तैयारियां आधी-अधूरी हैं. कहीं तालाबों और नदियों की सतह पर कूड़ा फैला है, तो कहीं गंदगी का अंबार प्रशासनिक उदासीनता की तस्वीर पेश कर रहा है. नगर परिषद प्रशासन का कहना है कि साफ-सफाई उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, लेकिन जमीन पर स्थिति कुछ और ही बयान कर रही है. नगर परिषद क्षेत्र के करीब 10 छठ घाटों में सफाई कर्मी प्रतिदिन तालाबों और नदियों की सफाई में लगे हुए हैं, लेकिन अथक प्रयासों के बावजूद कई घाटों की स्थिति खराब नजर आ रही है. मूलर्स टैंक तालाब की सफाई अधूरी: गोड्डा शहर के मध्य में स्थित मूलर्स टैंक एक ऐतिहासिक तालाब है, जहां छठ व्रतियों की सबसे ज्यादा भीड़ होती है. इस तालाब की सफाई भी अभी पूरी नहीं हुई है. मूलर्स टैंक के उत्तरी छोर पर आज भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है. सफाई का दायित्व निभा रहे एक श्रमिक ने बताया कि दुर्गा पूजा के बाद से करीब 10 श्रमिक रोजाना सफाई करते हैं, लेकिन श्रद्धालु पूजा-सामग्री और धार्मिक अवशेष तालाब में विसर्जित कर देते हैं, जिससे तालाब पुनः गंदा हो जाता है. साथ ही तालाब के किनारे रहने वाले लोग प्लास्टिक और कागज के टुकड़े यत्र-तत्र फेंक देते हैं, जो हवा में उड़कर तालाब में चले जाते हैं. उन्होंने कहा कि यदि लोगों में सजगता और जागरूकता आ जाए, तो मूलर्स टैंक फिर से निर्मल दिखेगा. वहीं, तालाब को सजाने और संवारने का काम तेजी से चल रहा है. व्रतियों के कपड़े बदलने के लिए चेंजिंग रूम भी बनाए जा रहे हैं. कई घाटों पर समिति के सदस्यों द्वारा सफाई की जा रही है. कई छठ घाटों की सफाई व्यवस्था अधूरी: नगर परिषद के अन्य तालाबों और नदियों जैसे राजकचहरी तालाब, शिवगंगा तालाब, गोढी तालाब, कदवा टोला, कर्पुरी नगर, कझिया नदी (गुलजार बाग घाट, विद्यापति भवन घाट व रौतारा घाट) की सफाई अब भी अधूरी है. गली-मुहल्लों से छठ घाटों तक पहुंचने में व्रतियों को कठिनाई हो सकती है. कझिया नदी के विभिन्न घाटों पर छठ पूजा समिति के सदस्यों ने स्वयं अपने स्तर पर घाटों की सफाई और मरम्मत का कार्य संभाला है. समिति के अध्यक्ष ने बताया कि नगर परिषद की ओर से पर्याप्त कर्मचारी नहीं आए हैं, फिर भी हमने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तालाब की सीढ़ियों, घाटों और रास्तों को दुरुस्त किया है. हमारी कोशिश है कि छठ व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो. मूलर्स टैंक पर बने शौचालय और स्नानागार में गंदगी का अंबार: नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 11 के मूलर्स टैंक पर एक सामुदायिक शौचालय है, जिसके बाहर साफ-सुथरा लिखा गया है, लेकिन अंदर जायेंगे तो वहां गंदगी का अंबार दिखाई देगा. ऐसा प्रतीत होता है कि वहां सालों से सफाई नहीं हुई है. शौचालय से आ रही बदबू दूर से ही महसूस की जा सकती है. अधिकारियों ने विभिन्न छठ घाटों का लिया जायजा: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गोड्डा जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ तैयारियों में जुटा है. गोड्डा एसडीओ बैद्यनाथ उरांव, नगर परिषद प्रशासक अरविंद अग्रवाल, बीडीओ दयानंद जायसवाल एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, रोशनी और जल स्तर की जांच की गयी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola