बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं को मिलेगा प्रशिक्षण, आज गोड्डा में जुटेंगे झामुमो नेता
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 12 Jun 2026 10:41 PM
मतदाता सूची पुनरीक्षण और संगठन सशक्तीकरण पर होगी विस्तृत चर्चा
झामुमो की ओर से 13 जून को गोड्डा के सुभदा बैंक्वेट हॉल में जिला स्तरीय बूथ कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर सह सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि तथा जिले भर के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता शामिल होंगे. कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय, केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा, राजमहल सांसद विजय हांसदा, लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू, बोरियो विधायक धनंजय सोरेन सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे. इसके अलावा जिले के सभी 1,256 बूथों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए), 200 पंचायतों के अध्यक्ष, सचिव, प्रखंड कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य भी सम्मेलन में भाग लेंगे.
मतदाता सूची पुनरीक्षण पर रहेगा विशेष फोकस
पार्टी नेताओं ने बताया कि 20 जून से एसआइआर प्रक्रिया शुरू होने वाली है. इसके पूर्व मतदाता सूची के पुनरीक्षण के लिए किये गये मैपिंग कार्य का लगभग 85 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है, जबकि करीब 15 प्रतिशत कार्य अभी शेष है. उन्होंने दावा किया कि यदि शेष बचे लोगों को संभावित मतदाता माना जाये तो पोड़ैयाहाट विधानसभा क्षेत्र में लगभग 50 हजार, गोड्डा विधानसभा क्षेत्र में 60,894 तथा महागामा विधानसभा क्षेत्र में करीब 70 हजार लोगों के नाम अभी सूची में शामिल नहीं हो पाये हैं.योग्य मतदाताओं का नाम नहीं कटने देने का संकल्प
पार्टी नेताओं ने कहा कि झामुमो का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी योग्य मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल हों तथा अयोग्य नामों को हटाया जाये. इसके लिए पार्टी लगातार जमीनी स्तर पर कार्य कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य राज्यों में विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान योग्य मतदाताओं के नाम हटाये जाने की शिकायतें सामने आयी थीं. झारखंड में ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी सतर्कता के साथ काम कर रहे हैं.बूथ कमेटियों को भी किया जाएगा प्रशिक्षित
नेताओं ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसके बूथ स्तरीय कार्यकर्ता होते हैं. इसी उद्देश्य से जिले के सभी नौ प्रखंडों में पिछले कई महीनों से प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा रहा है. सम्मेलन में प्रदेश स्तर की टीम के साथ तकनीकी विशेषज्ञों की टीम भी पहुंचेगी, जो मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं की जानकारी देगी. उन्होंने बताया कि हाल ही में जिले के सभी 1,256 बूथों पर बूथ कमेटियों का गठन किया गया है। सम्मेलन में इन कमेटियों के सदस्यों और बीएलए को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










