आम तोड़ने के दौरान पेड़ से गिरकर दो मासूम घायल

सदर अस्पताल में चल रहा उपचार, चिकित्सकों ने बताया खतरे से बाहर
गोड्डा जिले के दो अलग-अलग गांवों में आम के पेड़ से गिरकर दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गये. परिजनों ने दोनों बच्चों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, गोड्डा में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार चल रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली घटना सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के चंदना गांव की है. यहां आठ वर्षीय आशिक किस्कू (पिता- इनोसेंट किस्कू) घर के समीप आम के पेड़ पर चढ़ा हुआ था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा. हादसे में उसके दोनों हाथों में गंभीर चोट आयी है. बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत सदर अस्पताल लेकर आये. वहीं दूसरी घटना गोड्डा सदर प्रखंड के एक गांव की है. यहां नौ वर्षीय फंटुश कुमार (पिता-सुशील मंडल) आम तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा. दुर्घटना में उसके दोनों पैरों में चोटें आयी हैं. परिजनों ने उसे भी तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया.
बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील
सदर अस्पताल के ऑन-ड्यूटी चिकित्सकों ने बताया कि दोनों बच्चों को आपातकालीन वार्ड में प्राथमिक उपचार देने के बाद वार्ड में भर्ती कर दिया गया है. फिलहाल दोनों की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं. इधर, प्रशासन ने आम के मौसम में बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है. प्रशासन का कहना है कि इस मौसम में बच्चे अक्सर आम तोड़ने के लिए पेड़ों पर चढ़ जाते हैं या पत्थर मारते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. अभिभावक बच्चों पर विशेष नजर रखें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










