जनगणना-2027 के प्रगणक प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीन बैच का समापन

बीडीओ ने दिया सटीक डाटा जुटाने का निर्देश, डिजिटल माध्यम से होगी जनगणना
पोड़ैयाहाट प्रखंड में भारत की जनगणना-2027 को लेकर चल रहे प्रगणकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रथम तीन बैच का बुधवार को समापन हो गया. प्रखंड मुख्यालय के सभागार में आयोजित समापन सत्र को संबोधित करते हुए बीडीओ फुलेश्वर मुर्मू ने कहा कि प्रशिक्षण में दी गयी जानकारी के आधार पर ही सभी प्रगणकों को फील्ड में जनगणना का कार्य करना है. बीडीओ ने बताया कि इस बार की जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी. सभी प्रगणक स्मार्टफोन में जनगणना ऐप के जरिये घर-घर जाकर डेटा एकत्र करेंगे. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में बतायी गयी हर बारीकी को ध्यान में रखना जरूरी है. एक भी परिवार न छूटे और न ही कोई गलत एंट्री हो, इसका विशेष ध्यान रखें. बीडीओ ने बताया कि जनगणना दो चरणों में होगी. पहले चरण में मकान सूचीकरण और दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी. दोनों चरणों में मोबाइल ऐप का ही उपयोग किया जाएगा. समापन सत्र में प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी कुमोद मेहरा, वीरेंद्र कुमार, यशवंत कुमार, कैलाश कुमार, विश्वनाथ यादव सहित बड़ी संख्या में प्रगणक उपस्थित थे. सभी प्रगणकों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताया और कहा कि वे फील्ड में पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










