बाराडीह में पेट्रोल छिड़ककर युवक को जलाने का आरोप, शव रखकर साढ़े तीन घंटे सड़क जाम

सड़क जाम हटने के बाद वापस लौटते अधिकारी , जाम के दौरान ग्रामीणों व सांसद प्रतिनिधि से वार्ता करते एसडीपीओ | Prabhat Khabar Network
झारखंड के बिरनी में जमीन विवाद के चलते युवक को पेट्रोल डालकर जलाने का आरोप, इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों ने सड़क जाम कर न्याय की मांग की।
बिरनी: बिरनी प्रखंड के भरकट्टा ओपी क्षेत्र के बाराडीह में बीते 23 जुलाई को जमीन विवाद में रूपलाल यादव व गोपी यादव के परिवार के बीच खूनी संघर्ष हो गया था. इसमें रूपलाल यादव के पुत्र ढालो यादव का आरोप था कि जमीन विवाद के कारण विपक्षी लोगों ने मेरे भाई सहोदर यादव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी.
इस घटना में गंभीर रूप से घायल सहोदर यादव की मौत इलाज के दौरान बीते शुक्रवार को रांची के एक निजी अस्पताल में हो गयी थी. बीते शुक्रवार की देर रात्रि को सहोदर का शव रांची से पोस्टमार्टम के बाद घर बाराडीह लेकर परिवार के लोग पहुंचे. शव को देखते ही परिवार के लोग दहाड़ मारकर रोने लगे.
हो हल्ला सुनकर ग्रामीणों की भारी भीड़ वहां लग गयी. शनिवार सुबह 6 बजे मृतक के परिवार ने ग्रामीणों के सहयोग से बागोडीह जुठहाआम मोड़ पर मुख्य मार्ग के बाराडीह चोक के पास सड़क पर शव को रखकर पथ को जाम कर दिया.
सूचना मिलते ही बिरनी के बीडीओ फणीश्वर रजवार, सरिया के पुलिस निरीक्षक अजय कुमार सिंह, बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज, भरकट्टा ओपी के एसआई जितेंद्र सिंह समेत कई लोगों ने आंदोलन कर रहे लोगों से मिलकर वार्ता की, लेकिन वार्ता विफल हो गयी. आक्रोशित लोगों के द्वारा किसी तरह की अप्रिय घटना न हो जाए, उसे रोकने के लिए जिले से पुलिस बल को भी स्थल पर लगाया गया था.
साढ़े 3 घंटे के बाद सड़क जाम हटाने एसडीपीओ पहुंचे
बगोदर सरिया के एसडीपीओ धनंजय राम ने स्थल पर पहुंचकर लोगों से जाम हटाने का आग्रह किया. इस दौरान मृतक सहोदर यादव के भाई ढालो यादव ने कहा कि गोपी यादव के साथ 5 वर्षो से उनका जमीन विवाद चल रहा है. वर्ष 2025 में सरकारी अमीन के द्वारा जमीन की मापी कर दी गयी थी, लेकिन गोपी यादव के परिवार के लोग कानून को नहीं मानते हुए हमेशा लड़ाई झगड़ा करने पर अड़े रहे.
इसी बीच 23 जुलाई 26 से दो चार दिन पहले ओपी प्रभारी ओम प्रकाश पांडेय के पास जमीन विवाद को लेकर गए और उनसे फरियाद की तो उन्होंने कहा कि जमीन तुम्हारी है तो काम करो, लेकिन 15 दिनों के अंदर मापी कर लेना. उनके आदेश पर बीते 23 जुलाई को जमीन पर खूंटा गाड़ रहे थे.
तभी गोपी यादव के परिवार के लोगों ने गाली गलौज करते हुए भाई के उपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. कहा कि लोग कह रहे हैं कि सहोदर ने अपने से आग लगायी है. क्या कोई अपने शरीर में आग लगा सकता है. ढालो यादव ने एसडीपीओ से आग्रह किया कि श्री राम यादव के घर पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है. उसके द्वारा वीडियो दिखाया जा रहा है. वे पूरी वीडियो दिखाएं और निष्पक्ष जांच करें. कहा कि विपक्षी मारपीट कर मेरे भाई सहोदर को खींचकर दरवाजे पर ले गये और आग लगा दी.
भरकट्टा ओपी प्रभारी के खिलाफ़ लोगों मे दिखा आक्रोश, लगाये गंभीर आरोप
सड़क जाम पर बैठे लोगों ने एसडीपीओ के समक्ष भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय पर गंभी आरोप लगाते हुए कहा कि इस घटना के सारे जिम्मेवार वही हैं. इतना ही नहीं लोगों ने आरोप लगाया कि वे बगैर रुपया लिए कोई काम नहीं करते हैं. वही सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा ने कहा कि भरकट्टा ओपी उगाही का अड्डा बन गया है. जब तक ओपी प्रभारी को हटाया नहीं जाएगा, हमलोग जाम को नहीं हटाएंगे.
बगोदर के भाजपा नेता आशीष बॉर्डर व आजसू नेता अनूप पांडेय ने कहा कि जिस तरह से भरकट्टा प्रभारी के खिलाफ लोगो में आक्रोश है, इससे स्पष्ट है कि ओपी प्रभारी आम जनता व पुलिस के बीच तालमेल नहीं बैठा पा रहे हैं. ऐसे में उन्हें यहां से हटाना ही उचित होगा. इस दौरान भरकट्टा ओपी प्रभारी के खिलाफ लोगो ने जमकर नारेबाजी की.
तीन दिनों में जांच कर दोषियों पर की जाएगी कार्यवाई
लोगों को संबोधित करते हुए एसडीपीओ ने कहा कि यह जमीन का मामला है. सहोदर यादव की मौत दुःखद है. जमीन को लेकर इस तरह की घटना होना काफी चिंताजनक है. पेट्रोल से सहोदर के जलने का मामला संदिग्ध है. इसकी जांच की जा रही है, लेकिन यह स्पष्ट है कि सहोदर की मौत प्रताड़ना से हुई है.
तीन दिनों का समय दें. जो भी दोषी होंगे, जांच कर कार्यवाई की जाएगी. ओपी प्रभारी को हटाने की बात को लेकर कहा कि एसपी के द्वारा ओपी प्रभारी को नियुक्त किया गया है. इतनी भीड़ में लोग आरोप लगा रहे हैं तो मामला गंभीर है. जांच के बाद एसपी को रिपोर्ट की जाएगी. इसके बाद लोगों ने सड़क जाम को हटा दिया.
सड़क जाम में भाजपा नेता रामकृष्ण वर्मा, प्रेमचंद वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, बैद्यनाथ यादव, बब्लू यादव, राजेन्द्र यादव, रंजीत राय समेत सैकड़ों लोग शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










