बिहार के 211 नये डिग्री कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक भर्ती का रिजल्ट जारी, हिंदी में सबसे ज्यादा 81.3 अंक रहा कटऑफ

सांकेतिक तस्वीर। AI
बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग ने 211 डिग्री कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक नियुक्ति का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. कुल 2498 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची और विषयवार कटऑफ अंक जारी किए गए हैं.
Bihar Assistant Professor Result: बिहार के नवस्थापित 211 डिग्री कॉलेजों में संविदा आधारित सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति के लिए बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (बीएसयूएससी) ने शनिवार को अंतिम परिणाम जारी कर दिया. आयोग ने अंग्रेजी, हिंदी, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र विषयों के चयनित अभ्यर्थियों की सूची के साथ श्रेणीवार कटऑफ अंक भी जारी किए हैं. कुल 2532 पदों में से 2498 पदों का रिजल्ट प्रकाशित किया गया है.
छह विषयों में 2498 अभ्यर्थियों का रिजल्ट
सभी छह विषयों में 422-422 पद निर्धारित किए गए थे. चयन अभ्यर्थियों की शैक्षणिक योग्यता के अंकों और साक्षात्कार में मिले अंकों के आधार पर तैयार संयुक्त मेरिट के अनुसार किया गया है. उच्च शिक्षा विभाग के अधीन स्थापित 211 नये डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आयोग ने 3 जुलाई को विज्ञापन जारी किया था. सभी विषयों के साक्षात्कार 21 से 26 जुलाई के बीच आयोजित किए गए थे.
हिंदी में सबसे अधिक 81.3 अंक कटऑफ
अनारक्षित वर्ग में हिंदी विषय का कटऑफ सबसे अधिक 81.3 अंक रहा. इसके बाद राजनीति विज्ञान में 79.2, इतिहास में 78.7, समाजशास्त्र में 78.3, अर्थशास्त्र में 76.6 और अंग्रेजी में 76.5 अंक कटऑफ रहा. आयोग ने सभी आरक्षण श्रेणियों के लिए विषयवार चयन सूची और कटऑफ भी जारी किए हैं.
कई विषयों में पद रह गये रिक्त
अंग्रेजी में नौ, अर्थशास्त्र में 11, समाजशास्त्र में 10 और हिंदी में चार पद रिक्त रह गये. समाजशास्त्र में यूआर, बीसी और ईबीसी वर्ग के एक-एक पद को आयोग ने फिलहाल होल्ड पर रखा है. योग्य अभ्यर्थियों की उपलब्धता नहीं होने के कारण कई आरक्षित श्रेणियों के पद भी खाली रह गये.
समाजशास्त्र में एसटी का एक पद नहीं भरा जा सका. वहीं दिव्यांग श्रेणी में डीडी के छह और वीआई के तीन पद योग्य उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण रिक्त रह गये. अन्य विषयों में भी बहु-दिव्यांग (एमडी) समेत कुछ विशेष आरक्षित श्रेणियों के पद खाली रहे.
विश्वविद्यालयों को भेजी जायेगी मेरिट
आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन और दिशा-निर्देशों के अनुरूप ऑनलाइन आवेदन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी निरस्त कर दी गयी है. अभ्यर्थी आयोग की अधिसूचनाओं में विषयवार चयन सूची, आरक्षण श्रेणीवार कटऑफ और चयनित अभ्यर्थियों के रोल या फॉर्म नंबर देख सकते हैं.
परिणाम जारी होने के बाद अब संबंधित विश्वविद्यालयों को मेरिट सूची भेजी जायेगी. इसके साथ ही नये डिग्री कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
यहां क्लिक कर देखें रिजल्ट: बीएसयूएससी की आधिकारिक वेबसाइट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विकाश झा
विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










