बिहार के 211 नए कॉलेजों को मिले असिस्टेंट प्रोफेसर, BSUSC ने जारी किया रिजल्ट, इस सब्जेक्ट का कट-ऑफ गया सबसे ज्यादा

बिहार के नए डिग्री कॉलेजों में शिक्षक भर्ती रिजल्ट जारी
BSUSC Assistant Professor Result 2026: बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (BSUSC) ने 211 नए डिग्री कॉलेजों में संविदा आधारित सहायक प्राध्यापकों की भर्ती का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है. छह विषयों की चयन सूची और श्रेणीवार कट-ऑफ घोषित हो गई है. हिंदी में सबसे अधिक कट-ऑफ रहा, जबकि कई आरक्षित पद अभी भी रिक्त रह गए हैं.
BSUSC Assistant Professor Result 2026: बिहार के नए 211 डिग्री कॉलेजों में संविदा आधारित सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति के लिए परिणाम जारी कर दिया है. बिहार राज्य विश्वविद्यालय सेवा आयोग (बीएसयूएससी) ने शनिवार को अंग्रेजी, हिंदी, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र समेत सभी छह विषयों के अंतिम परिणाम और श्रेणीवार कट-ऑफ अंक जारी कर दिया. प्रत्येक विषय में 422 पदों (कुल 2532) के लिए चयन सूची में 2498 पदों का रिजल्ट प्रकाशित की है.
चयन अभ्यर्थियों के शैक्षणिक अंकों और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के संयुक्त मेरिट के आधार पर किया गया है. उच्च शिक्षा विभाग के अधीन स्थापित 211 नये डिग्री कॉलेजों में शिक्षकों की नियुक्ति के लिए आयोग ने 3 जुलाई को विज्ञापन जारी किया था. सभी विषयों के साक्षात्कार 21 से 26 जुलाई के बीच आयोजित किए गये थे. अब अंतिम परिणाम जारी होने के साथ नियुक्ति प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गयी है. रिजल्ट वेबसाइट https://bsusc.bihar.gov.in/Home/OngoingAppointments पर देख सकते हैं.
किस विषय का कितना कट-ऑफ
अनारक्षित (यूआर) वर्ग में हिंदी विषय का कट-ऑफ सबसे अधिक 81.3 अंक रहा. इसके बाद राजनीति विज्ञान में 79.2, इतिहास में 78.7, समाजशास्त्र में 78.3, अर्थशास्त्र में 76.6 और अंग्रेजी में 76.5 अंक का कट-ऑफ निर्धारित किया गया. आयोग ने सभी आरक्षण श्रेणियों की विषयवार चयन सूची और कट-ऑफ भी जारी कर दिए हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
कुछ पद फिलहाल होल्ड, कई आरक्षित सीटें खाली
अंग्रेजी में नौ पद, अर्थशास्त्र में 11 पद, समाजशास्त्र में 10 पद और हिंदी में कुल 04 पद रिक्त रह गये हैं. आयोग ने समाजशास्त्र विषय में यूआर, बीसी और ईबीसी वर्ग के एक-एक पद को फिलहाल होल्ड पर रखा है. इसके अलावा योग्य अभ्यर्थियों की अनुपलब्धता के कारण कई आरक्षित श्रेणियों के पद रिक्त रह गये हैं.
समाजशास्त्र में अनुसूचित जनजाति (एसटी) का एक पद नहीं भरा जा सका, जबकि दिव्यांग श्रेणी में डीडी के छह और वीआई के तीन पद योग्य उम्मीदवार नहीं मिलने के कारण रिक्त रहे. अन्य विषयों में भी बहु-दिव्यांग (एमडी) सहित कुछ विशेष आरक्षित श्रेणियों के पद खाली रह गये हैं.
आयोग ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप ऑनलाइन आवेदन नहीं करने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी निरस्त कर दी गयी है. आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे अपनी विषयवार चयन सूची, आरक्षण श्रेणीवार कट-ऑफ तथा चयनित अभ्यर्थियों के रोल/फॉर्म नंबर आयोग की अधिसूचनाओं में देख सकते हैं. परिणाम जारी होने के बाद अब सभी संबंधित विश्वविद्यालय को मेरिट बना कर भेजा जायेगा.
इसे भी पढ़ें: Bihar New Rail Line: बिहार में 976 करोड़ से बिछेंगी 4 नई रेल लाइनें, पटना समेत इन रूटों पर रोज चलेंगी 22 नई ट्रेनें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By परितोष शाही
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










