पटना में 10 दिन में 10,809 बिना हेलमेट चालक पकड़े गए, 1.08 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया

Updated:
विज्ञापन
पटना ट्रैफिक पुलिस

पटना ट्रैफिक पुलिस का सांकेतिक फोटो

राजधानी पटना में यातायात नियमों का उल्लंघन बदस्तूर जारी है. पिछले 10 दिनों में 10,809 बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई है, जिनसे 1 करोड़ 8 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया है. कैमरों की निगरानी के बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं.

विज्ञापन

Patna News : राजधानी में लगातार चल रहे वाहन जांच अभियान और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बावजूद बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों पर अंकुश नहीं लग पा रहा है. पटना यातायात पुलिस ने पिछले 10 दिनों में बिना हेलमेट वाहन चलाने के आरोप में 10,809 चालकों का चालान काटते हुए 1 करोड़ 8 लाख 9 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है. पुलिस का कहना है कि बड़ी संख्या में लोग नियमों की अनदेखी कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं.

कैमरों से भी हो रही निगरानी, फिर भी नहीं सुधर रहे चालक

यातायात पुलिस के अनुसार कार्रवाई केवल सड़क पर लगाए गए वाहन जांच अभियान तक सीमित नहीं है. शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी नियम तोड़ने वालों की पहचान कर ऑनलाइन चालान किया जा रहा है. इसके बावजूद लोग हेलमेट पहनने में लापरवाही बरत रहे हैं.

978 वाहन चालकों ने दोहराई गलती

पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 978 ऐसे वाहन मिले, जिनका पहले भी बिना हेलमेट चलने का चालान कट चुका था. इन वाहनों पर दूसरी या उससे अधिक बार कार्रवाई की गई. इससे स्पष्ट है कि कई चालक जुर्माना भरने के बाद भी यातायात नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं.

39वां चालान कटते ही स्कूटी जब्त

28 जुलाई को वाहन जांच के दौरान स्कूटी संख्या BR01BU0764 को रोका गया. जांच में पता चला कि इस स्कूटी पर पहले से 38 चालान लंबित थे. 39वां चालान काटने की प्रक्रिया के दौरान लगातार नियम उल्लंघन की पुष्टि होने पर यातायात पुलिस ने स्कूटी को जब्त कर लिया.

जानिए...किस तिथि को कितना जुर्माना लगाया गया

17 जुलाई को 876 लोगों से 8,76,000, 18 जुलाई 1,179 लोगों से 11,79,000, 19 जुलाई को 1,290 लोगों से 12,90,000, 20 जुलाई को 988 लोगों से 9,88,000, 21 जुलाई को 1,124 लोगों से 11,24,000, 22 जुलाई को 969 लोगों से 9,69,000, 23 जुलाई को 901 लोगों से 9,01,000, 25 जुलाई को 1,208 लोगों से 12,08,000, 26 जुलाई को 1,046 लोगों से 10,46,000 और 29 जुलाई 1,228 लोगों से 12,28,000 जुर्माना लगाया वसूला गया.

हेलमेट सुरक्षा का सबसे प्रभावी साधन : एसपी

एसपी यातायात सागर झा ने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना में जीवन बचाने का सबसे प्रभावी सुरक्षा उपकरण है. उन्होंने लोगों से हमेशा मानक हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने की अपील की. उन्होंने कहा कि नियमित जांच अभियान और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Also Read : राज्यव्यापी आंदोलन के समर्थन में नगर परिषद गेट पर प्रदर्शन, सफाई व्यवस्था ठप, जगह-जगह कचरे का अंबार


विज्ञापन
Anand Kumar

लेखक के बारे में

By Anand Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन