Giridih News :फरार मुखिया के हस्ताक्षर से 15वें वित्त योजना की राशि निकासी

Giridih News : सरिया प्रखंड की मंदरामो पश्चिमी पंचायत की मुखिया इंद्रा देवी करीब छह माह से हत्या के एक मामले में आरोपित होने के कारण फरार चल रहीं हैं. ऐसे में पंचायत का विकास कार्य लगभग ठप पड़ा हुआ है. पंचायत भवन में मुखिया के नहीं आने से कई योजनाएं प्रभावित हो रही हैं.
जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार आय प्रमाणपत्र, आवासीय, जाति, जन्म व मृत्यु प्रमाणपत्र बनाने के लिए आवेदन फॉर्म में पंसस और उप मुखिया द्वारा हस्ताक्षर कर कार्य किसी तरह चलाया जा रहा है. लेकिन, मुखिया के अनुपस्थित रहने के कारण कई प्रशासनिक व वित्तीय प्रक्रिया प्रभावित हो रही है. रविवार को मंदरामो पंचायत भवन में प्रेस वार्ता कर पंसस गायत्री कुमारी, उप मुखिया बेबी देवी, आजसू नेता लखन महतो, वार्ड सदस्य चेतलाल महतो, परमवीर संजय, मो सद्दाम अंसारी, विमला देवी, अंजू देवी, स्वयंसेवक सुरेंद्र चौधरी, महेंद्र मंडल, डुगलाल महतो आदि ने बताया कि मुखिया इंद्रा देवी ना तो पंचायत भवन आ रही है और ना ही उनका मोबाइल फोन लग रहा है. इससे लोगों को उनसे संपर्क करने में भी दिक्कत हो रही है. इसी बीच एक नया मामला सामने आने से क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है.
डिजिटल हस्ताक्षर से
हुई निकासी
जानकारी के अनुसार 18 फरवरी को मुखिया के डिजिटल हस्ताक्षर (डोंगल) से 15वें वित्त आयोग योजना के लाभुक समिति बरकठ्ठी ने उमवि में बाउंड्रीवाल निर्माण का फाइनल किस्त का 56 हजार 861 रुपये की निकासी कर ली है. अब इसको लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं. ग्रामीण का कहना है कि जब मुखिया पिछले कई महीनों से फरार हैं, पंचायत भवन भी नहीं आ रही हैं और उनका मोबाइल भी बंद है, तो फिर उनके हस्ताक्षर से योजना की राशि की निकासी कैसे हो गयी. लोग इसकी जांच की मांग कर रहे हैं. ग्रामीणों की मानें तो यदि मुखिया वास्तव में फरार हैं, तो उनके हस्ताक्षर से राशि निकासी होना गंभीर मामला है. ऐसे में प्रशासन को पूरे मामले की जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए, जिससे कि पंचायत की योजनाओं में पारदर्शिता बनी रहे और जनता का भरोसा कायम रहे. कहा कि यदि एक सप्ताह में प्रखंड प्रशासन विधिवत उप मुखिया को पंचायत समेत वित्तीय प्रभार नहीं देता है, तो हम सभी जनप्रतिनिधि व ग्रामीण प्रखंड मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन व अनशन करेंगे.
क्या कहते हैं बीडीओ
इस संबंध में बीडीओ ललित नारायण तिवारी ने कहा कि मंदरामो पश्चिमी पंचायत की मुखिया पर जब हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था, तब वहां के पंचायत सचिव ने मुझे सूचना दी थी. उन्होंने जिला के आला अधिकारियों को मामले से अवगत कराया था. साथ ही उप मुखिया को प्रभार देने की अनुशंसा की थी. इसके बाद जिले की टीम आयी और मामले की जांच हुई है. उन्होंने जल्द ही उप मुखिया को प्रभार देने के लिए फिर से अनुशंसा कर जिला भेजने की बात कही.
पंचायत सचिव ने कहा लाभुक समिति मुखिया से हस्ताक्षर करवाकर लायी थी
वहीं, पंचायत सचिव लाटो राम ने बताया कि मुखिया काम कर रही हैं. लाभुक समिति द्वारा पे स्लिप में मुखिया का हस्ताक्षर करवाकर लाने के बाद ही योजना की राशि का भुगतान हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




