Giridih News :सरिया में झुंड से बिछड़े हाथी का उत्पात जारी, युवक को कुचलकर मार डाला
Author Pradeep kumar
Updated:
विज्ञापन

Giridih News :सरिया थाना क्षेत्र में झुंड से बिछड़े एक हाथी का उत्पात जारी है. सोमवार पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे गड़ैया गांव में हाथी ने कौसर अंसारी (25 वर्ष) पिता स्व. शहजाद अंसारी को कुचलकर मार डाला.
विज्ञापन
घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. गांव वाले दहशत में हैं. बताया जाता है कि कौसर अंसारी अपने पुराने खपरैल मकान की मरम्मत कर रहा था. उसे बांस की आवश्यकता थी. वह अपने घर से 100 मीटर पर दो अन्य लोगों के साथ बांस काटने गया था. इसी दौरान झुंड से बिछड़ा हाथी जंगल से निकाला और बांस काट रहे लोगों की ओर दौड़ा. हाथी को देखकर तीनों भागने लगे. इस दौरान कौसर गिर गया. इसी बीच हाथी ने उसे पैरों से कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी कौसर के साथ गये दोनों लोगों ने परिजन व ग्रामीणों को दी.
सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम
लोगों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी. विभाग की टीम गांव पहुंची, तब तक हाथी जंगल में प्रवेश कर चुका था. सरिया पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बगोदर में पोस्टमार्टम करवाया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. इधर, वन परिसर पदाधिकारी अंशु कुमार ने बताया कि मृतक के आश्रित को सरकार द्वारा दी जाने वाली सहायता राशि में से 50 हजार नकद भुगतान किया गया है. शेष साढ़े तीन लाख रुपये प्रक्रिया के तहत दिये जायेंगे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










