Ramgarh News: जमीन विवाद में गिरिडीह के सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या, छह हिरासत में

Updated:
विज्ञापन
Baleshwar Patel

गिरिडीह के रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल का फाइल फोटो

Ramgarh News: रामगढ़ में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. गिरिडीह के सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और 6 लोगों को हिरासत में लिया गया है. पूरी खबर नीचे पढ़ें…

विज्ञापन

अजय पासवान, बलसगरा (रामगढ़)
रामगढ़ जिले के मांडू थाना क्षेत्र के रबोध पंचायत अंतर्गत पेसरा कंडी गांव में मंगलवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया. गिरिडीह जिला अवर निबंधन कार्यालय में पदस्थापित सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की मारपीट में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने मामले में छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

लाठी, डंडों और पत्थर से किया गया हमला

जानकारी के अनुसार, बालेश्वर पटेल अपनी खरीदी हुई 11 डिसमिल जमीन पर एक दिन पहले लगाए गए सबमर्सिबल पंप को देखने पहुंचे थे. इसी दौरान कथित तौर पर कई लोगों ने उन पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया. आरोप है कि हमलावरों ने उनके सिर और चेहरे पर लगातार वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए. घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों की धमकी के कारण कोई तत्काल आगे नहीं बढ़ सका. कुछ देर बाद ग्रामीणों ने घायल बालेश्वर पटेल को रांची रोड स्थित द होप अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

बड़ी संख्या में लोग पहुंचे अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए. मृतक की पत्नी रीता कुमारी ने मांडू थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि रामू साव उर्फ ज्ञानी, विष्णु साव, संतोष साव उर्फ पंपम, पूजा देवी, रूबी देवी, शकुंतला देवी, विनय कुमार, डोली कुमारी, हेमंत पांडे और दिनेश्वर साव समेत अन्य लोगों ने साजिश के तहत उनके पति पर जानलेवा हमला किया. उन्होंने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

क्या कहना है जमीन विक्रेता का

इधर, जमीन विक्रेता कविता देवी ने बताया कि उन्होंने अपनी 11 डिसमिल जमीन विधिवत रूप से बालेश्वर पटेल को बेची थी. जमीन की तीन बार पैमाइश भी कराई गई थी. उनका आरोप है कि गोतिया पक्ष के लोगों ने साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया. उन्होंने यह भी कहा कि घटना स्थल पर पहुंचने पर उन्हें भी धमकी दी गई.

विधायक ने की सख्त कार्रवाई की मांग

मांडू विधायक तिवारी महतो ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि बालेश्वर पटेल समाजसेवी और साफ-सुथरी छवि के व्यक्ति थे. जमीन विवाद में समाज ने एक अच्छा नागरिक खो दिया है. वहीं, 20 सूत्री अध्यक्ष एवं झामुमो नेता लखन महतो तथा जिला परिषद सदस्य सर्वेश कुमार सिंह ने भी घटना की निंदा करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बालेश्वर पटेल अपने पीछे पत्नी रीता कुमारी, 15 वर्षीय पुत्री आकांक्षा कुमारी और 13 वर्षीय पुत्र लक्ष्य पटेल को छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की पत्नी ने कहा, “हमारे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मेरे पति की बेरहमी से हत्या की गई है. आरोपियों ने हमारे बच्चों का भविष्य छीन लिया है. पुलिस सभी दोषियों को गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाए.”

वीडियो भी आया सामने, फोरेंसिक जांच शुरू

मांडू थाना प्रभारी सदानंद प्रसाद ने द होप अस्पताल पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली. पुलिस ने मामले में छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं. पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल से बरामद ईंट और अन्य भौतिक साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है.

ये भी पढ़ें…

रामगढ़ में हूल दिवस पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि, समाहरणालय में कार्यक्रम आयोजित

Ramgarh: प्रभात खबर प्रतिभा सम्मान समारोह 2026 में मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

विज्ञापन
अमलेश नंदन सिन्हा

लेखक के बारे में

By अमलेश नंदन सिन्हा

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola