पश्चिम बंगाल में 26000 शिक्षकों की भर्ती पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई 31 अगस्त को

Updated:
विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट की फाइल फोटो.

West Bengal SSC Recruitment News: पश्चिम बंगाल में लंबे समय से लंबित26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति में अभी और देर होने की संभावना है. इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में 31 अगस्त को सुनवाई होगी. एसएससी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के लिए कोर्ट से और 8 महीने का समय मांग सकता है. जानें अब तक क्या-क्या हुआ.

विज्ञापन

West Bengal SSC Recruitment News: पश्चिम बंगाल में 26,000 शिक्षकों की भर्ती मामले में अभी और देर होगी. सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी करने के लिए राज्य सरकार और एसएससी को दी गयी 31 अगस्त की समयसीमा सोमवार को खत्म हो रही है. खबर है कि सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में बंगाल सरकार और स्कूल सर्विस कमीशन (एसएससी) शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के लिए 31 मई तक का समय मांग सकती है.

विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट से 8 महीने का समय मांगेगा एसएससी

स्कूल सर्विस कमीशन ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के शासनकाल में जो नियुक्ति परीक्षा हुई थी, उसके खिलाफ बड़े पैमाने पर शिकायतें आयीं हैं. इन शिकायतों का अब तक निपटारा नहीं हो पाया है. इसलिए उसे कम से कम 8 महीने का समय दिया जाये. एसएससी के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर कहा है कि सोमवार (31 अगस्त) को सुप्रीम कोर्ट में इसकी अर्जी लगायी जायेगी.

टीएमसी सरकार में हुई नियुक्तियों में लगे थे भ्रष्टाचार के आरोप

एसएससी का कहना है कि ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में जो नियुक्तियां हुईं थीं, उसमें भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे. इसकी वजह से ही सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2016 के पूरे पैनल को ही रद्द कर दिया था. कोर्ट ने फिर से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिये थे. कोर्ट के आदेश पर सितंबर 2025 में फिर से परीक्षा हुई. इसमें कुल 44 विषयों की परीक्षा ली गयी थी.

ये भी पढ़ें: ममता बनर्जी सरकार के नियमों के तहत होगी बंगाल में शिक्षक भर्ती, समझें क्या है एसएससी विवाद

‘आंसर की’ जारी होने के बाद आयी 1.29 शिकायतें

एसएससी का कहना है कि ‘आंसर की’ जारी होने के बाद 1.29 लाख शिकायतें आयीं. इन सभी शिकायतों की जांच के लिए एक रिव्यू कमेटी का गठन किया गया है. एक-एक मामले की जांच में समय लगेगा. एसएससी ने कहा है कि 5 लाख से अधिक ओएमआर को स्कैन करना अपनेआप में एक समस्या थी. इन्हें 3-3 बार स्कैन करना पड़ा.

बंगाल चुनाव के बाद चेयरमैन ने दे दिया इस्तीफा

एसएससी ने कहा है कि इसके अलावा भी और कई समस्याएं हैं, जिसकी वजह से नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने में देरी होगी. उसका कहना है कि बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले जो कमीशन के चेयरमैन थे. और 5 जोन का काम देख रहे थे, उन्होंने चुनाव के बाद इस्तीफा दे दिया. इसकी वजह से भी नियुक्ति प्रक्रिया बाधित हुई.

ये भी पढ़ें: खुशखबरी! 12,445 शिक्षकों की भर्ती के लिए मेरिट लिस्ट जारी, इसी माह होंगे इंटरव्यू

ओबीसी आरक्षण रद्द होने की वजह से प्रभावित हुई प्रक्रिया

एसएससी ने यह भी कहा है कि अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आरक्षण पर पिछली और वर्तमान सरकार की नीति की वजह से भी नियुक्ति प्रक्रिया प्रभावित हुई. पूर्ववर्ती सरकार की नीति और वर्तमान सरकार की नीति में अंतर है. एसएससी ने वर्तमान परिस्थितियों में क्या करना चाहिए, उस पर राज्य सरकार से राय मांगी है.

ओबीसी आरक्षण की वजह से भी हो रही नियुक्ति में देरी

  • तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में नये नियम के तहत ओबीसी प्रमाण पत्र जारी किये गये थे, जिसे कलकत्ता हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया.
  • हाईकोर्ट के फैसले के बाद अन्य पिछड़ा वर्ग की 2 श्रेणियों ओबीसी-ए और ओबीसी-बी को अब खत्म कर दिया गया है. जिन लोगों के पास ओबीसी-ए और ओबीसी-बी का प्रमाणपत्र है, अब वे सामान्य श्रेणी में माने जायेंगे.
  • प्रमाण पत्र रद्द किये जाने के हाईकोर्ट के फैसले के बाद अब एसएससी को क्या करना चाहिए, उस पर भी फैसला लेने में थोड़ा समय लगेगा.

ये भी पढ़ें: नियुक्ति परीक्षा में 24 सवाल गलत, आपत्ति शुल्क पर कलकत्ता हाईकोर्ट ने SSC से मांगा जवाब

31 दिसंबर 2025 तक नियुक्ति पूरी करने का था आदेश

सुप्रीम कोर्ट ने एसएससी को 31 दिसंबर 2025 तक 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था. समयसीमा खत्म होने से पहले कमीशन ने कोर्ट में अपील दायर कर अतिरिक्त समय देने की मांग की थी.

एसएससी के आग्रह पर सुप्रीम कोर्ट ने उसे 31 अगस्त 2026 तक शिक्षकों की भर्ती करने का निर्देश दिया था.

31 अगस्त 2026 को वह समयसीमा भी पूरी हो रही है. एसएससी को लगता है कि उसे और 8 महीने का समय चाहिए. इसलिए वह सुप्रीम कोर्ट जा रहा है.

शिक्षक नियुक्ति परीक्षा : फैक्ट शीट

  • 2.93 लाख अभ्यर्थियों ने नौवीं-दसवीं के शिक्षक के लिए किया था आवेदन.
  • 2.29 लाख अभ्यर्थियों ने ग्यारहवीं-बारहवीं के शिक्षक भर्ती के लिए दी थी परीक्षा.
  • 11वीं-12वीं के शिक्षकों का पैनल लगभग तैयार हो चुका है. 33 में से 21 विषयों के शिक्षकों की काउंसलिंग भी पूरी हो चुकी है.
  • एसएससी ने 3586 लोगों की नियुक्ति की सिफारिश भी कर दी है.
  • नौवीं और दसवीं के शिक्षकों के इंटरव्यू के लिए अभ्यर्थियों की लिस्ट तैयार कर ली गयी है.

योग्य लोगों को नौकरी सुनिश्चित करे एसएससी : फिरदौस

इस बीच नौकरी से वंचित अभ्यर्थियों के एक धड़े के वकील फिरदौस शमीम ने कहा- हम चाहते हैं कि नियुक्ति प्रक्रिया तेज हो. पहले ही बहुत देर हो चुकी है. नियुक्ति प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाये और योग्य लोगों को नौकरी मिले, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola