Giridih News : नदी पर पुल निर्माण कार्य बंद होने से ग्रामीणों में रोष
Published by : MANOJ KUMAR Updated At : 02 Jun 2026 11:29 PM
Giridih News : बरसात के पूर्व पुल का निर्माण पूरा कराने की मांग
Giridih News : प्रतिनिधि, देवरी. फतेहपुर-भेलवाघाटी सड़क में भेलवाघाटी के डुमरीटोला व कारीपहरी गांव के बीच से गुजरी नदी पर चल रहा पुल निर्माण कार्य को बंद कर दिये जाने की वजह से भेलवाघाटी व तिलकडीह पंचायत के ग्रामीणों में निराशा है. भेलवाघाटी के मुखिया विकास कुमार, वार्ड सदस्य मनोहर पंडित, श्यामसुंदर सिंह, जेम्स किस्कू, ग्रामीण टुपलाल साव, प्रदीप पंडित, पीरबक्स अंसारी, रूपनारायण साव, अंग्रेज राम, फूलदेव यादव, भागीरथ हाजरा, मुकेश यादव, दुखन पंडित, अकबर अंसारी आदि ने संवेदक द्वारा कार्य में किये जा रहे विलंब व कार्य बंद कर दिए जाने को लेकर आक्रोश व्यक्त करते हुए कार्य शुरू करवा कर बरसात शुरू होने के पूर्व निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग पथ निर्माण विभाग से की है. ग्रामीणों का कहना है कि संवेदक द्वारा काफी मंद गति कार्य किया जा रहा है. वहीं वर्तमान समय में बीते 15 दिनों से कार्य बंद कर दिया है.
कई गांव के लोगों को आवागमन में परेशानी :
बताया जाता है कि पुल निर्माण कार्य अधूरा रहने की वजह से भेलवाघाटी पंचायत के जगशिमर, भेलवाघाटी, हरकुंड, रमनीटांड़, नोनियातरी, कारीपहरी, बंडीया, बरमसिया, गरंगघाट, तिलकडीह पंचायत के गरही, चौकी, लाहीबारी, सीताकोहबर, लकड़मरवा, बाघरायडीह, तिलकडीह सहित गुनियाथर, घसकरीडीह व हरियाडीह पंचायत के ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं पुल निर्माण कार्य स्थल पर डायवर्सन नहीं बनाये जाने की वजह स्व इन गांव के ग्रामीणों नदी में कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है. वहीं नदी का जलस्तर बढ़ जाने के बाद तिलकडीह पंचायत के सभी गांव व भेलवाघाटी पंचायत के डोमाडीह, कारीपहरी गांव के लोगों को भेलवाघाटी थाना जाने के लिए 20 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी.2024 में गिर गया था गर्डर :
विदित हो फतेहपुर से भेलवाघाटी बोंगी सीमाना तक सड़क सुदृढ़ीकरण व पुल निर्माण की स्वीकृति मिली थी. पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल गिरिडीह के द्वारा वर्ष 2019 में सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया गया. वहीं पुल का निर्माण 2021 में शुरू किया गया. पुल की निर्माण कार्य में प्रावधानों की अनदेखी की गयी. कार्य की अनियमितता को लेकर ग्रामीणों के द्वारा मुखर होकर विरोध जताया गया, जिसमें एक पिलर की नींव तैयार करने में मानक की अनदेखी करने का आरोप लगाया गया था. इसके बाद भी संवेदक द्वारा कार्य में सुधार नहीं किया गया. वर्ष 2024 में 29 जून को मानसून की पहली बारिश के तेज बहाव से पुल का पिलर टेढ़ा हो जाने से पुल का गर्डर नदी में गिर गया था. इसके बाद निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच हुई. इसके बाद 20 माह तक कार्य बंद था. मार्च 2026 को संवेदक द्वारा कार्य शुरू कर पिलर बनाने कार्य शुरू किया गया.नये सिरे से हो रहा दो पिलर का निर्माण :
पुल निर्माण कार्य में जांच में गड़बड़ी सामने आने को लेकर जिस पिलर के टेढ़ा होने से गर्डर गिरने की घटना हुई उस पीलर के साथ एक अन्य पिलर को तोड़कर नए सिरे से पिलर खड़ा तैयार किया जा रहा है. मार्च से अब हुए कार्य में पीलर खड़ा करने का कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है और पंद्रह दिनों से कार्य बंद है.आंदोलन की दी चेतावनी :
भेलवाघाटी के मुखिया विकास कुमार ने कहा कि संवेदक की लापरवाही की वजह से पुल का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है. एक सप्ताह के अंदर कार्य बंद पड़े निर्माण कार्य को शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन किया जायेगा.मेटेरियल की कमी से हुआ कार्य बंद :
इस संबंध में आरसीडी के कार्यपालक अभियंता राम विलास ने बताया कि मेटेरियल की कमी हो जाने से काम बंद हुआ है. शीघ्र ही कार्य चालू करा दिया जायेगा. संवेदक को बरसात के पूर्व पुल की ढलाई का काम पूरा करने का निर्देश दिया गया.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










