Giridih News :विकास कार्य ठप है, माफिया बेलगाम है, जनता त्रस्त है : चंद्रप्रकाश
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 02 Nov 2025 9:15 PM
Giridih News :प्रदेश की जनता त्रस्त है. विकास कार्य रुका हुआ है. विधि-व्यवस्था लचर है. माफिया पर सरकार का कोई लगाम नहीं है. इस सरकार का कार्यकाल बिल्कुल नकारात्मक रहा है. यह कहना है गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी का.
रविवार को परिसदन में आजसू पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी पत्रकारों से बात कर रहे थे. कहा कि सरकारी पदाधिकारियों का मनोबल बढ़ गया है. जनता को सुविधा देने में राज्य सरकार फेल हो रही है. स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य सेवाओं की स्थिति लचर है. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को लेकर राज्य को दिया जानेवाला केंद्रांश सरकार खर्च नहीं कर पा रही है. साथ ही खर्च का हिसाब भी राज्य सरकार नहीं दे रही है. पेयजल आपूर्ति की योजना ठप है. इसकी समुचित देखरेख नहीं हो रही है. घाटशिला उपचुनाव के संदर्भ में एनडीए को काफी मजबूत बताया.
खेल महोत्सव में सहभागिता को ले पंजीकरण
बैठक के दौरान सांसद खेल महोत्सव के आयोजन को लेकर विचार-विमर्श किया गया. मौके पर पत्रकारों से बातचीत में सांसद श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. महोत्सव में कई खेल आयोजित होंगे. इसके जरिये उचित मंच प्रदान करते हुए युवा शक्ति को आगे लाना है. प्रतिभागियों को पंजीकरण कराना होगा. मौके पर आजसू पार्टी जिलाध्यक्ष गुड्डू यादव, कार्यकारी जिलाध्यक्ष कंपू यादव, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रियंका शर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










