Giridih News :ट्रैक्टर चालक का शव मिलने से सनसनी

Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 08 Mar 2026 10:36 PM

विज्ञापन

Giridih News : जिले के पचंबा थाना क्षेत्र के कजरो-पिंडाटांड़ मुख्य मार्ग पर कजरो जामुन पेड़ के पास एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के नईटांड़ निवासी 22 वर्षीय इब्राहीम अंसारी उर्फ कारू अंसारी पिता रहमान अंसारी के रूप में हुई है.

विज्ञापन

बताया गया कि रविवार की सुबह कुछ लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. इसी दौरान उनकी नजर सड़क किनारे पड़े एक युवक के शव पर पड़ी. सूचना पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी. मुखिया व पचंबा पुलिस को सूचित किया गया. सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मृतक के परिजनों ने बताया कि कारू ट्रैक्टर चालक था. शनिवार की रात वह ट्रैक्टर चलाने बोलकर घर से निकला था. देर रात तक जब वह घर वापस नहीं लौटा, तो उसकी तलाश शुरू की. इसी बीच जमुआ के किर्तनीयाडीह ग्रामीण सड़क पर ट्रैक्टर खड़ा मिला. इसके बाद उन्हें जानकारी मिली कि पचंबा थाना क्षेत्र में एक युवक का शव बरामद हुआ है, जिसके बाद वे लोग वहां पहुंचे और शव की पहचान की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. इधर, काफी संख्या में लोग पचंबा थाना पहुंचे और युवक की हत्या किये जाने की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

ट्रैक्टर मालिक समेत एक संदिग्ध हिरासत में, चल रही पूछताछ

घटना के बाद सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार मामले की जांच-पड़ताल में जुट गये हैं. संभावित आरोपितों की तलाश में रविवार सुबह से ही लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस टीम ने बेंगाबाद और जमुआ थाना क्षेत्र के कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक सुरेंद्र राम और एक अन्य संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि पुलिस टीम दोनों संदिग्धों को अपने साथ रखकर उनके निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है.

पिता के आवेदन पर पचंबा थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज

मृतक के पिता के आवेदन पर पचंबा थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. आवेदन कहा है कि उनका पुत्र इब्राहीम अंसारी उर्फ कारू अंसारी को आठ मार्च की रात घर में था. रात करीब नौ बजे गांव के ही सुरेंद्र राम, विजय यादव, बबलू राम और बाबूचंद यादव उनके घर आये और ट्रैक्टर चलाने के लिए अपने साथ ले गये. उक्त लोग ट्रैक्टर लेकर पचंबा के परसाटांड़ जाने की बात कह रहे थे. रात 10 बजे तक वापस छोड़ देने की बात कही थी. जब रात 10 बजे तक इब्राहिम नहीं लौटा, तो वह सुरेंद्र के घर पहुंचे, जहां से जानकारी दी गयी कि गाड़ी अनलोड होने का मैसेज मिल गया है और वह जल्द लौट आयेगा. इसके बाद वह बेटे की तलाश में सुरेंद्र राम और विजय यादव के साथ निकले, लेकिन उसरी नदी के पास दोनों उन्हें छोड़कर भाग गये. खोजबीन के दौरान रात करीब 1:30 बजे किर्तनियाडीह इलाके में ट्रैक्टर संख्या जेएच 11एटी 4826 खड़ा मिला. इसकी सूचना जमुआ थाना पुलिस को दी गयी. इसी बीच जानकारी मिली कि पचंबा के पास जामुन पेड़ के नीचे एक युवक का शव पड़ा है. आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गयी. चार नामजद सहित 10-12 अन्य आरोपित किया है. अज्ञात लोग भी शामिल हो सकते हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

बेंगाबाद से ट्रैक्टर में सफेद पत्थर लोड कर निकला था युवक

जानकारी के अनुसार युवक देर रात अपने कुछ साथियों के साथ घर से निकला था. बताया जा रहा है कि बेंगाबाद थाना क्षेत्र के नईटांड़ इलाके से अवैध रूप से सफेद पत्थर ट्रैक्टर में लोड किया गया था, जिसे पचंबा क्षेत्र के किसी स्थान पर डंप करने के लिए ले जाया जा रहा था. युवक अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर में पत्थर लोड कर रात करीब नौ बजे निकला था. इसी क्रम में यह भी जानकारी सामने आयी कि जिस ट्रैक्टर से पत्थर ढोया जा रहा था, वह बाद में जमुआ थाना क्षेत्र से बरामद किया गया. हालांकि, जब ट्रैक्टर जब्त किया गया, तो वह खाली था. आशंका जतायी जा रही है कि रास्ते में पत्थर अनलोड कर दिया गया. पचंबा थाना प्रभारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है. युवक के पिता के आवेदन पर हत्या का मामला दर्ज कर छापेमारी की जा रही है.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola