Giridih News :दिन भर एजेसियों का चक्कर काट रहे, कई ग्राहक बैरंग लौटे

Updated at : 12 Mar 2026 10:15 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :दिन भर एजेसियों का चक्कर काट रहे, कई ग्राहक बैरंग लौटे

Giridih News :खाड़ी देशों में जारी युद्ध का असर अब देश के भीतर भी दिखने लगा है. सीधा प्रभाव घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पर पड़ता नजर आ रहा है.

विज्ञापन

गिरिडीह शहर में घरेलू गैस सिलिंडर को लेकर अचानक संकट की स्थिति बन गयी है. शहर की लगभग सभी एजेंसियों के बाहर बुधवार से ही सैकड़ों उपभोक्ता की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गयी, जो गुरुवार को भी दिनभर जारी रही.

कुछ इलाकों में आवागमन भी बाधित हुआ

गुरुवार की सुबह से ही बड़ी तादाद में लोग सिलिंडर के लिए गैस एजेंसियों के बाहर लाइन में खड़े नजर आये. एजेंसियों में भीड़ इतनी अधिक हो गयी कि परिसर के बाहर सड़क तक कतार चली गयी. इसके कारण शहर के कई इलाकों में आवागमन भी प्रभावित हुआ. दिनभर अफरातफरी का माहौल बना रहा और देर शाम तक सिलिंडर पाने को लेकर उपभोक्ताओं में होड़ मची रही. हालात इतने खराब हो गये कि सुबह से ही लाइन में लगे कई लोगों को शाम तक सिलिंडर नसीब नहीं हो पाया. अंततः उन्हें खाली हाथ वापस लौटना पड़ा.

टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल देने की सुविधा भी ठप

कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वे दिनभर में तीन-चार बार एजेंसी के चक्कर काटते रहे, पर हर बार निराशा ही हाथ लगी. इससे खासकर कामकाजी लोगों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के लिए जारी टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल देने की सुविधा भी तीन दिनों से ठप है. अब न तो मैसेज आ रहा है और न ही किसी तरह की जानकारी मिल पा रही है. इससे लोगों की चिंता और नाराजगी बढ़ गयी है.

पुलिस बल को करना पड़ा तैनात

एजेंसियों के बाहर लगातार बढ़ती भीड़ और दिनभर बनी अव्यवस्था को देखते हुए प्रशासन को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी. घरेलू गैस सिलिंडर लेने के लिए उमड़ी भारी भीड़ और सड़कों तक फैलती लंबी कतारों के कारण कई इलाकों में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी थी. ऐसे में किसी भी तरह की अफरातफरी या अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए एजेंसियों के बाहर पुलिस बल की तैनाती की गयी. पुलिस कर्मियों ने मौके पर मौजूद रहकर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया और लगातार लोगों से शांति व संयम बनाये रखने की अपील करते रहे. पुलिस ने उपभोक्ताओं को एक-दूसरे से उलझने या धक्का-मुक्की से बचने की हिदायत दी और सभी से लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करने को कहा. इसके अलावा भीड़ अधिक होने के कारण एजेंसी परिसर से बाहर सड़क तक फैल रही कतारों को भी पुलिस ने व्यवस्थित किया. सड़क पर यातायात बाधित न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों ने वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकालने की व्यवस्था की और जरूरत पड़ने पर लोगों को एजेंसी परिसर के भीतर सीमित संख्या में प्रवेश करने दिया गया.

तिसरी में तीन दिनों से बंद ग्रामीण वितरक की दुकान

तिसरी प्रखंड में भी घरेलू गैस सिलेंडर की घोर किल्लत हो गयी है. प्रखंड मुख्यालय स्थित पुष्पा इंडेन ग्रामीण वितरक की दुकानें पिछले तीन दिनों से बंद पड़ी हैं. ऐसे में लोग गैस दुकान तक आते हैं और ताला लटका देख बैरंग वापस घर लौट जाते हैं. लोगों का कहना है कि जब गैस वितरक से फोन पर बात होती है, तो जवाब मिलता है कि सिलेंडर नहीं है. मो मोबिन ने कहा कि वह दो बार दुकान से वापस लौट चुका हूं. रमजान के महीने में गैस सिलेंडर के नहीं मिलने से परेशानी और बढ़ गयी है. इधर, वितरक बासुदेव राय ने बताया कि पिछले तीन दिनों से लगातार बोकारो से गैस सिलिंडर मंगाने का प्रयास किया जा है. सिलिंडर नहीं मिलने के कारण दुकान को बंद रखी गयी है. एक-दो दिनों में सिलिंडर मिलते ही, उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराया जायेगा.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola