Giridih News :सीसीएल गिरिडीह के जनमुद्दों व श्रमिकों की समस्याओं पर चर्चा
Published by : PRADEEP KUMAR Updated At : 09 Mar 2026 10:46 PM
Giridih News : सीसीएल गिरिडीह के विभिन्न जनमुद्दों व श्रमिकों की समस्याओं के समाधान को लेकर सोमवार को सहायक श्रमायुक्त (केंद्रीय) राहुल कुमार की अध्यक्षता में धनबाद में एक सुलह बैठक हुई. इस बैठक में सीसीएल गिरिडीह कोलियरी के कार्मिक पदाधिकारी सह सुरक्षा पदाधिकारी और राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के नेता उपस्थित हुए.
राकोमसं के एरिया अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा ने बताया कि बैठक के दौरान सहायक श्रमायुक्त द्वारा सीसीएल प्रबंधन को श्रमिक संगठनों के साथ बेहतर औद्योगिक संबंध स्थापित करने तथा लंबित समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया गया. सहायक श्रमायुक्त ने सीसीएल गिरिडीह क्षेत्र के कार्मिक पदाधिकारी राजवर्धन कुमार से कहा गया कि जल्द से जल्द आइआर बैठक राकोमसं के साथ की जाये.
सुरक्षा विभाग में पांच वर्षों से जमे कर्मियों के स्थानांतरण का निर्देश
श्री मिश्रा ने बताया कि कोयला चोरी के मुद्दे पर सहायक श्रमायुक्त ने कहा कि सीसीएल गिरिडीह में सुरक्षा विभाग में पदस्थापित सुरक्षा इंस्पेक्टर से लेकर सुरक्षा कर्मचारी तक, जिनका इस क्षेत्र में पांच साल से ज्यादा हो गया है, उनका स्थानांतरण किया जाये. श्री मिश्रा ने बताया कि यूनियन की ओर से गिरिडीह ओपेन कास्ट व कबरीबाद कोलियरी में कोयला चोरी पर प्रभावी रोक लगाने, सीसीएल सुरक्षा कर्मियों का नियमित एरिया स्थानांतरण करने, कोयला चोरी में संलिप्त पाये गये दोषी सुरक्षा कर्मियों के विरुद्ध विभागीय जांच कर कठोर कार्रवाई करने, गिरिडीह ओपेन कास्ट खदान में खनन कार्य आउटसोर्सिंग की जगह सीसीएल द्वारा स्वयं करने, गिरिडीह वर्कशॉप का सुचारु संचालन व चोरी पर रोक लगाने, श्रमिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करने, जिला प्रशासन के साथ नियमित संवाद बैठक कर ठोस कार्ययोजना बनाने, कबरीबाद खदान में कार्यरत आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा वैधानिक प्रावधानों का अनुपालन कराने, स्थानीय व श्रमिक हित में बिजली, पेयजल, सड़क, अस्पताल की व्यवस्था बेहतर करने की मांग की. बैठक में यूनियन के उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा, मनोज दास उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










