Giridih News :कोयला चोरों ने सीसीएल सुरक्षा व होमगार्ड के जवानों के साथ की मारपीट, सात घायल

Updated at : 11 Mar 2026 9:59 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :कोयला चोरों ने सीसीएल सुरक्षा व होमगार्ड के जवानों के साथ की मारपीट, सात घायल

सीसीएल गिरिडीह कोलियरी क्षेत्र में कोयला चोरों ने मंगलवार की रात और बुधवार की सुबह सीसीएल सुरक्षा गार्ड व होमगार्ड के जवानों के साथ मारपीट की. दोनों घटनाओं में सात जवान घायल हो गये हैं.

विज्ञापन

घायलों में पांच सीसीएल सुरक्षा व दो होमगार्ड के जवान शामिल हैं. घायलों का इलाज सीसीएल अस्पताल में कराया गया है. जानकारी के मुताबिक मंगलवार की रात लगभग 11.15 बजे सीपी साइडिंग में कोयला चोरों ने सीसीएल सुरक्षा गार्ड पर लाठी-डंडा व पत्थर से हमला बोल दिया. इसमें बिरजू भुइयां, सुनील कुमार, मनोज अग्रवाल, दया सिंह व संतोष सिंह चोटिल हो गये. इनमें से बिरजू को जांघ एवं पैर तथा सुनील को हाथ के पास और कान के पास चोट पहुंची है.

बुधवार की सुबह फिर पहुंचे चोर

घायलों ने बताया कि मंगलवार की रात वे लोग सीपी साइडिंग में ड्यूटी पर थे. इसी दौरान लगभग 15-20 की संख्या में कोयला चोर वहां पर पहुंचे और बिरजू के साथ मारपीट शुरू की. इसके बाद अन्य जवानों को भी पीटा. सभी लाठी-डंडा, रॉड आदि से लैस थे. हमलावर सिमरियाधौड़ा व परातडीह के रहने वाले बताये गये. घायलों ने बताया कि तत्काल इसकी सूचना वरीय अधिकारियों व मुफस्सिल थाना पुलिस को दी. थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी पहुंचने के बाद सभी चोर भाग गये.

सीपी साइडिंग में पुन: बोला धावा

बुधवार की सुबह लगभग सात बजे पुन: सीपी साइडिंग के कोयला चोरों ने होमगार्ड के जवानों के साथ मारपीट की. इसमें दो जवान बलदेव वर्मा व राधे प्रसाद यादव चोटिल हुए हैं. बलदेव वर्मा ने बताया कि सुबह में रेल रैक से कोयला की सप्लाई होनी थी. इसलिए वे लोग वहां तैनात थे. इसी दौरान कोयला चोरों रैक से कोयला उतारने लगे. जब होमगार्ड की महिला जवान लीला कुमारी ने विरोध किया तो कोयला चोर धमकी देने लगे. महिला जवान को बचाने, जब बलदेव व राधे पहुंचे, तो चोरों ने उनके साथ भी मारपीट की.

महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे जवान

घटना के बाद सीपी साइडिंग में सुरक्षा में तैनात सभी जवान महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे. सीसीएल प्रबंधन व पुलिस प्रशासन से कोयला चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई. जवानों का कहना है कि कोयला चोर चलती रैक से कोयला चोरी करते हैं. मना करने पर मकी दी जाती है. कई कोयला चोर भुजाली और चाकू से लैस रहते हैं. महिला होमगार्ड जवान माया सिंह ने बताया कि आये दिन कोयला चोर जवानों के साथ मारपीट और बदसलूकी करते हैं. इन घटनाओं की जानकारी महाप्रबंधक गिरिश कुमार राठौर व परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा को देकर उचित कदम उठाने की मांग की गयी है.

रैक से कोयला उतारते हैं लोग

सीसीएल क्षेत्र से कोयले की चोरी प्रबंधन के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है. आये दिन कबरीबाद माइंस, सीपी साइडिंग और रेल रैक से कोयले की चोरी की जा रही है. चलती मालगाड़ी पर चढ़कर कोयला उतारा जाता है. हालांकि, सीसीएल प्रबंधन के निर्देश के आलोक में सुरक्षा विभाग कोयला चोरी रोकने के लिए सुरक्षा गार्ड को तैनात करता है, लेकिन चोर सीसीएल सुरक्षा गार्ड व होमगार्ड के जवानों के साथ मारपीट करते हैं. बताया जाता है कि कोयला चोरों का संगठित गिरोह सक्रिय है.

सुरक्षा विभाग ने मुफस्सिल थाना में दिया आवेदन

घटना के संबंध में सीसीएल गिरिडीह क्षेत्र के सुरक्षा प्रभारी नकुल कुमार नायक ने मुफस्सिल थाना में आवेदन दिया है. कहा है कि 10 मार्च की रात सीपी साइडिंग में ड्यूटी के दौरान सुरक्षा प्रहरी बिरजू भुइयां पर कोयला चोरों ने हमला कर दिया. मारपीट होता देख जब सुरक्षा प्रहरी सुनील कुमार और मनोज अग्रवाल पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गयी. लाठी व चाकू से हमला किया, जिससे वे लोग घायल हो गये. मारपीट का आरोप गाजो, सोनू व मोनू पर लगाया गया है. श्री नायक ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

दोषियों के खिलाफ की जायेगी सख्त कार्रवाई : एसडीपीओ

एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने कहा है कि प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. कहा कि कोयला चोरी पर रोक लगाने को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है. जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार किया जायेगा.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola