ePaper

Giridih News :एवीबीपी ने गिरिडीह कॉलेज में की तालाबंदी, पांच हिरासत में

Updated at : 09 Mar 2026 11:07 PM (IST)
विज्ञापन
Giridih News :एवीबीपी ने गिरिडीह कॉलेज में की तालाबंदी, पांच हिरासत में

Giridih News :गिरिडीह कॉलेज में सोमवार को आठ सूत्री मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन किया. अचानक हुए प्रदर्शन से कॉलेज परिसर में कुछ समय के लिए अफरातफरी मच गयी. पुलिस ने पांच कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया.

विज्ञापन

तालाबंदी की कोई पूर्व सूचना कॉलेज प्रशासन को नहीं दिये जाने पर बेंगाबाद थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच छात्र नेताओं को हिरासत में लिया. हालांकि, पूछताछ के बाद सभी को कुछ देर में ही छोड़ दिया गया. तालाबंदी की सूचना मिलते ही कॉलेज प्रशासन ने पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया.

एसडीओ, एसडीपीओ व थाना प्रभारी पहुंचे

सूचना मिलने पर एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो तथा बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और छात्र नेताओं से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. एबीवीपी ने कॉलेज प्रशासन के समक्ष आठ सूत्री मांगें रखीं. इसमें यूजी और पीजी स्तर पर जिन विषयों में शिक्षकों की कमी है, उसे शीघ्र दूर करने, राजनीति विज्ञान व हिंदी विषय में इसी सत्र से स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू कराने, छात्रहित को देखते हुए जल्द छात्रसंघ चुनाव कराने समेत अन्य मांग शामिल हैं. इसके अलावा कॉलेज परिसर में सभी शौचालयों को सुचारू रूप से चालू करने, वाहनों के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने, सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति और नियमित कक्षाएं सुनिश्चित कराने, कॉलेज कैंपस में फैली गंदगी की साफ-सफाई कराने तथा बाहरी तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने की भी मांग की गयी. बताया गया कि छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गयी. इसके बाद पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए एबीवीपी के कार्यकर्ता नीरज चौधरी, अनीश रॉय, कृष पासवान, संदीप शर्मा और बिट्टू मोदी को हिरासत में लिया. प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हुई और सभी को बाद में रिहा कर दिया गया.

छात्रों का नामांकन प्रभावित होने से बचाने के लिए की गयी कार्रवाई : एसडीओ

एसडीओ श्रीकांत यशवंत विस्पुते ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गिरिडीह महाविद्यालय के कार्यालय गेट पर एवीबीपी कार्यकर्ताओं द्वारा तालाबंदी कर दी गयी है. सूचना मिलते ही वे पुलिस टीम के साथ कॉलेज परिसर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. बताया कि तालाबंदी से पहले कॉलेज प्रशासन को पूर्व में कोई सूचना नहीं दी गयी थी. उन्होंने कहा कि वर्तमान में कॉलेज में नये सत्र के लिए छात्रों का नामांकन हो रहा है. ऐसे में तालाबंदी के कारण शैक्षणिक व प्रशासनिक गतिविधियों के प्रभावित होने की आशंका थी. इसी को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की गयी और पांच छात्र नेताओं को हिरासत में लिया गया. उन्होंने कहा कि स्थिति सामान्य होने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी छात्र नेताओं को पीआर बांड पर रिहा कर दिया गया. कहा कि प्रशासन छात्रों की समस्याओं को लेकर संवाद के लिए हमेशा तैयार है, लेकिन शैक्षणिक कार्यों में बाधा डालने वाले किसी भी कदम को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.

तालाबंदी की कोई पूर्व सूचना नहीं थी, कामकाज हो रहा था प्रभावित : प्राचार्य

मामले को लेकर गिरिडीह कॉलेज के नवनियुक्त प्राचार्य डॉ मृगेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह जब वे कॉलेज के नये प्राचार्य के रूप में पदभार ग्रहण करने के लिए महाविद्यालय पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि कॉलेज कार्यालय के मुख्य गेट पर कुछ छात्र तालाबंदी कर धरना-प्रदर्शन कर रहे थे. कहा कि उन्हें इस तालाबंदी के संबंध में कोई पूर्व सूचना नहीं दी गयी थी और ना ही उन्हें प्रारंभिक तौर पर यह जानकारी थी कि छात्र किस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं. कहा कि तालाबंदी के कारण कॉलेज का नियमित शैक्षणिक व प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहा था. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तत्काल इसकी सूचना जिला प्रशासन और पुलिस को दी. प्रशासनिक हस्तक्षेप और पुलिस कार्रवाई के बाद ही ताला खुला और कामकाज दोबारा सुचारु रूप से शुरू हुआ.

विज्ञापन
PRADEEP KUMAR

लेखक के बारे में

By PRADEEP KUMAR

PRADEEP KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola