Giridih News :सरिया के जंगल में घुसा हाथियों का झुंड, ग्रामीणों में दहशत

Giridih News :सरिया थाना क्षेत्र के कोयरीडीह व कैलाटांड़ के जंगलों में हाथियों के झुंड के पहुंचने ग्रामीणों में दहशत है. ग्रामीणों को रबी फसलों को नुकसान पहुंचाने का डर सता रहे हैं.
शाम होने के पूर्व ही लोग अपने-अपने घरों को वापस आ जाते हैं. वैवाहिक लग्न में एक ओर जहां लोग व्यस्त हैं, तो वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में हाथी के प्रवेश से लोग डरे सहमे हैं. रात में वैवाहिक कार्यक्रमों में आने-जानेवाले लोगों के लिए भी इससे परेशानी है.
डुमरी प्रखंड से कोयरीडीह पहुंचे हाथी
बताते चलें कि बुधवार को डुमरी प्रखंड क्षेत्र से जंगली हाथियों का प्रवेश सरिया के कोयरीडीह जंगल में हुआ है. चार हाथियों के झुंड पर लोगों की नजर उस समय पड़ी, जब झुंड सड़क पार कर रहा था. झुंड को देख सड़क पर चलने वाले रुक गये. जब तक हाथी सड़क पार कर दूर जंगल में नहीं चले गये, तब तक लोग इंतजार करते रहे. लोगों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी.
वन विभाग ने ग्रामीणों को सचेत रहने की सलाह दी
इस संबंध में वन परिसर पदाधिकारी अंशु कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से उन्हें सूचना मिली है कि चार हाथियों का झुंड सरिया के जंगल में विचरण कर रहा है. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम जंगल की ओर गयी. जंगल में दो हाथियों के विचरण करने की पुष्टि टीम ने की है. उन्होंने लोगों को सचेत रहने की सलाह दी है. कहा है कि लोग जंगल की ओर नहीं जायें. सूर्यास्त होने से पूर्व अपने घर पहुंच जायें और सुरक्षित रहें. उन्होंने कहा कि सूखे की स्थिति, पानी की कमी या भोजन की तलाश में हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों में आता है. वर्तमान में सरिया के गड़ैया जंगल में हाथियों के होने की जानकारी दी गयी है.
गांव में हाथियों के प्रवेश करने की जानकारी तत्काल देने की अपील
वन परिसर अधिकारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथी जब गांव में प्रवेश करें, तो तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें. सुरक्षित रहने के लिए जंगली जानवरों से छेड़छाड़ नहीं करें. उन्होंने बताया कि हाथियों को अपने सीमा क्षेत्र से बाहर भागने का प्रयास किया जा रहा है. बता दें कि पिछले लगभग एक दशक से सरिया क्षेत्र के जंगलों में हाथियों का झुंड विचरण करता रहा है. इस दौरान हजारों हेक्टेयर में लगी रबी व खरीफ फसलों को हाथियों का झुंड चट कर गया. कई लोगों को झुंड ने कुचल कर मार डाला है. वहीं, सैकड़ों लोगों के मकान को हाथियों ने ध्वस्त किये हैं. ग्रामीण लगातार हाथियों से होने वाले नुकसान के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




