तीन साल बाद दर्ज हुई हत्या की प्राथमिकी

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 01 Jul 2016 8:05 AM

विज्ञापन

17 नवंबर, 2013 को कांग्रेस नेता राजकुमार भट्टाचार्य की हुई थी मौत मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई कार्रवाई 2014 में सीआइडी जांच में भी हुई थी हत्या की पुष्टि मृतक की पत्नी ने सीएम से की थी शिकायत गिरिडीह : कांग्रेस के दिवगंत नेता राजकुमार भट्टाचार्य की मौत के लगभग तीन वर्ष के बाद नगर […]

विज्ञापन
17 नवंबर, 2013 को कांग्रेस नेता राजकुमार भट्टाचार्य की हुई थी मौत
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई कार्रवाई
2014 में सीआइडी जांच में भी हुई थी हत्या की पुष्टि
मृतक की पत्नी ने सीएम से की थी शिकायत
गिरिडीह : कांग्रेस के दिवगंत नेता राजकुमार भट्टाचार्य की मौत के लगभग तीन वर्ष के बाद नगर थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है. मुख्यमंत्री रघुवर दास के निर्देश पर बुधवार की रात को नगर थाना पुलिस ने मृतक की पत्नी अनंदिता भट्टाचार्य को थाना बुलाया और उनके आवेदन पर मामला (कांड संख्या 160/16 भादवि की धारा 302, 380 व 120 बी) दर्ज किया. इसमें दो लोगों को नामजद किया गया है. 17 नवंबर 2013 को बरगंडा स्थित मकान में कांग्रेस नेता राजकुमार का शव उनके कमरे में मिला था. उनके सिर पर चोट थी.
उस समय घरवालों को लगा कि रात में पलंग से गिरने से उनके सिर में चोट लगी है, जिससे मौत हुई. घरवालों ने इसे सामान्य मौत समझ कर शव का अंतिम संस्कार कर दिया. मौत के दो-तीन दिन बाद घरवालों को याद आया कि राजकुमार जनेऊ धारण करते थे और उसी में अालमीरा समेत घर की कई चाबियों का गुच्छा था. साथ में वे हमेशा तीन तोला सोने की चेन भी पहनते थे, लेकिन यह सब गायब थे. तभी उनकी पत्नी अनंदिता का दिमाग ठनका और जब घर को खंगालना शुरू किया तो पता चला कि महत्वपूर्ण कागजात के साथ नगदी भी गायब है.
इस मामले की शिकायत नगर थाना से की गयी और हत्या की आशंका जतायी गयी, लेकिन उनकी बातों पर ध्यान नहीं दिया गया. स्थानीय पुलिस से निराश होने के बाद अनंदिता राज्य के डीजीपी से मिलीं. डीजीपी के निर्देश पर वर्ष 2014 में सीआइडी जांच की गयी. सीआइडी ने जांच रिपोर्ट भी सौंप दी और इस घटना को हत्या करार दिया, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी. इस बार मृतक की पत्नी ने मुख्यमंत्री जन संवाद में शिकायत की थी. दो दिन पूर्व अनंदिता रांची जा कर मुख्यमंत्री रघुवर दास से मिलीं और घटना की जानकारी दी. मुख्यमंत्री श्री दास ने 24 घंटे के अंदर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश गिरिडीह पुलिस को दिया और अंतत: बुधवार की रात को अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी.
मुझे इंसाफ चाहिए : अनंदिता
अनंदिता भट्टाचार्य ने कहा कि उनके पति राजकुमार भट्टाचार्य की हत्या हुई थी. पुलिस जांच-पड़ताल कर हत्यारों को पकड़े. उन्हें तो सिर्फ इंसाफ चाहिए.
जांच की जा रही है: रजत
इस संदर्भ में नगर थाना के अनि रजत कुमार ने कहा कि इस मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी है और सभी बिंदुओं पर ध्यान रखते हुए जांच की जा रही है.
कांग्रेस में महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके थे राजकुमार
राजकुमार भट्टाचार्य गिरिडीह जिला में कांग्रेस के एक अहम नेता के रूप में जाने जाते थे. पूर्व में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष और कांग्रेस के महासचिव रह चुके थे. वह गिरिडीह के पूर्व सांसद चपलेंदु भट्टाचार्य के भतीजा थे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola