मझिआंव के जोड़ा पुल के पास नदी से हटायी गयी गाद
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 27 May 2026 9:34 PM
मझिआंव के जोड़ा पुल के पास नदी से हटायी गयी गाद
प्रतिनिधि, गढ़वा गढ़वा में अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार की पहल पर जनसहयोग से चलाया जा रहा ‘आपन सरस्वतिया अभियान’ अब सामाजिक आंदोलन का रूप लेता जा रहा है. बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी सरस्वतिया नदी की सफाई और डी-सिल्टिंग का कार्य युद्धस्तर पर जारी रहा. मझिआंव मोड़ स्थित जोड़ा पुल के समीप दिनभर मशीनों और श्रमिकों की मदद से नदी से भारी मात्रा में गाद, कचरा और गंदगी हटायी गयी. नदी को पुनर्जीवित करने के इस अभियान में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का सहयोग लगातार बढ़ता जा रहा है. बुधवार को एमजी कंस्ट्रक्शन कंपनी के अजय कुमार ने नि:शुल्क एक बड़ी पोकलेन मशीन उपलब्ध करायी. वहीं नगर परिषद गढ़वा की ओर से एक जेसीबी मशीन लगायी गयी. स्थानीय व्यवसायी और समाजसेवी चंदन जायसवाल ने मशीनों के लिए डीजल की व्यवस्था कर सहयोग दिया. कई श्रमिकों ने भी मैनुअल सफाई कार्य में सक्रिय भागीदारी निभायी. मौके पर मौजूद एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि ‘आपन सरस्वतिया’ केवल प्रशासनिक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से संचालित सामाजिक आंदोलन बन चुका है. उन्होंने कहा कि प्रतिदिन बढ़ रहा जनसहयोग इस बात का प्रमाण है कि गढ़वा के लोग अपनी जीवनदायिनी नदी को बचाने के लिए गंभीर हैं. उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल नदी की तात्कालिक सफाई नहीं, बल्कि लोगों में जल स्रोतों और नदी संरक्षण के प्रति स्थायी जागरूकता पैदा करना है. एसडीएम ने सामाजिक संगठनों, व्यवसायियों और युवाओं से संसाधन, मशीन और डीजल के माध्यम से अभियान से जुड़ने की अपील की. आज जानकीबाग में चलाया जायेगा सफाई अभियान एसडीएम ने जानकारी दी कि अभियान के अगले चरण में गुरुवार सुबह 6 बजे जानकीबाग क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाया जायेगा. उन्होंने युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों से बड़ी संख्या में पहुंचकर नदी किनारे फैले प्लास्टिक और अन्य अजैविक कचरों को हटाने के लिए श्रमदान करने की अपील की. मेराल में भी शुरू किया जायेगा अभियान गढ़वा. गढ़वा शहर में अभियान की सफलता के बाद अब इसे मेराल प्रखंड तक विस्तारित करने की तैयारी शुरू हो गयी है. बुधवार को एसडीएम संजय कुमार ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ मेराल क्षेत्र में सरस्वतिया नदी के विभिन्न तटीय इलाकों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान नदी में बड़े पैमाने पर जमा गाद और बढ़ते अतिक्रमण की समस्या सामने आयी. इसके बाद स्थानीय लोगों के साथ चर्चा कर निर्णय लिया गया कि गढ़वा की तर्ज पर मेराल में भी बड़े स्तर पर ‘आपन सरस्वतिया अभियान’ चलाया जायेगा. इसके तहत नदी का गहरीकरण, गाद हटाने और अतिक्रमण मुक्त कराने का कार्य किया जायेगा. एसडीएम ने कहा कि सरस्वतिया नदी गढ़वा की पहचान और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है. इसे पुनर्जीवित करने में प्रशासन के साथ आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि 29 मई को मेराल के प्रबुद्ध लोगों के साथ विशेष बैठक कर अभियान की अंतिम रूपरेखा तय की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










