झामुमो को देश से कोई मतलब नहीं: बाबूलाल
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 22 May 2026 9:49 PM
झामुमो को देश से कोई मतलब नहीं: बाबूलाल
प्रतिनिधि, गढ़वा
भारतीय जनता पार्टी द्वारा तेतरी चंद्रवंशी बीएड कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान 2026 का समापन शुक्रवार को हुआ .समापन सत्र में मुख्य रूप से उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण के कई अहम बिंदुओं पर जानकारी दी. इस दौरान मीडिया से बात करते हुए उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि झामुमों को को देश और राष्ट्र से कोई मतलब नहीं है. उन्होंने कहा कि आने वाले राज्यसभा चुनाव में भाजपा पूरी मजबूती से लड़ेगी और चुनाव जीतेगी भी. दिल्ली में आयोजित आदिवासी सम्मेलन पर कांग्रेस के सवाल उठाने पर उन्होंने कहा कि मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि इन लोगों ने विरोध क्यों किया. लोकतंत्र में किसी भी सामाजिक संगठन को जिला, राज्य या राजधानी में अपनी-अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन करने की स्वतंत्रता है. जब कोई संगठन धरना-प्रदर्शन करता है, तो इन्हें लगता है कि उनकी दुकानदारी बंद हो रही है, इसी को लेकर वे चिंतित हैं. अनुसूचित जनजाति सुरक्षा मंच हमारे अनुसूचित जनजाति भाई और बहनों के हितों की रक्षा के लिए बना है. अगर वे उनकी रक्षा और सुरक्षा को लेकर सरकार के समक्ष धरना दे रहे हैं, तो कांग्रेस पार्टी को दर्द नहीं होना चाहिए. उन्होंने कहा कि आरएसएस कोई बाहरी संगठन नहीं है, बल्कि देश का संगठन है और राष्ट्रभक्त संगठन है. कार्यक्रम में उनके द्वारा पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों, विचारधारा तथा आगामी चुनावी रणनीतियों की जानकारी दी गयी. इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क एवं सेवा कार्यों के प्रति जागरूक करना रहा. कार्यक्रम में मुख्य रूप से झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी शामिल हुए, उन्होंने कार्यकर्ताओं से पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को आत्मसात करने का आह्वान किया. इससे पूर्व भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ ईश्वरसागर चंद्रवंशी ने इस कार्यक्रम में आये सभी अतिथियों का स्वागत किया. इस मौके पर मुख्य रूप से गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, पूर्व सांसद घूरन राम, गढ़वा के संगठन मंत्री पतंजलि केशरी, कंचन जायसवाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रघुराज पांडे सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










