जंगल में लगी आग, पांच एकड़ में लगी गेहूं की फसल जलकर खाक

खराब रास्ते के कारण नहीं पहुंच सकी दमकल टीम
खराब रास्ते के कारण नहीं पहुंच सकी दमकल टीम प्रतिनिधि, धुरकी धुरकी वन क्षेत्र के खाला गांव के जंगल में गुरुवार सुबह अचानक आग लग गयी. तेज धूप और पछुआ हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे जंगल के कई पेड़ व पौधों के साथ-साथ आसपास के पांच एकड़ में लगी गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गयी. ग्रामीणों के शोर मचाने के बाद घटना की सूचना मुखिया प्रतिनिधि साबिर अंसारी ने अंचल पदाधिकारी और थाना प्रभारी को दी. प्रशासन के निर्देश पर दमकल की गाड़ी भेजी गयी, लेकिन रास्ता खराब होने के कारण वाहन घटनास्थल तक नहीं पहुंच सका. आग बुझाने के लिए ग्रामीणों ने पास के कुओं से पंप सेट लगाया, लेकिन बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को काफी परेशानी हुई. विभाग को सूचना देने पर महज 10 मिनट बिजली दी गयी, जिसके बाद फिर काट दी गयी. इसके बाद अंचल पदाधिकारी बिमल कुमार सिंह, थाना प्रभारी जनार्दन राउत, वनपाल प्रमोद कुमार, उप प्रमुख धीरेंद्र यादव और पूर्व उप प्रमुख प्रभु शंकर जायसवाल दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया. कड़ी मशक्कत के बाद फिलहाल आग पर काबू पाया गया. ग्रामीणों ने आशंका जतायी कि महुआ चुनने वालों ने पेड़ के नीचे सफाई के लिए आग लगायी होगी, जो अनियंत्रित होकर जंगल और खेतों तक फैल गयी. विदित हो कि एक सप्ताह पूर्व भी धुरकी के जंगलों में ऐसी ही घटना हुई थी. महुआ चुनने के लिए जंगल में आग लगाने वालों पर होगी कार्रवाई अंचल पदाधिकारी और थाना प्रभारी ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सख्त चेतावनी दी है. अंचल पदाधिकारी ने कहा कि महुआ चुनने के लिए जंगल में आग लगाने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि ग्रामीण महुआ चुनें, लेकिन जंगल में आग न लगायें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




