हंसडीहा-गोड्डा एनएच-133 पर जानलेवा गड्ढे,बारिश में पलटा टोटो
हंसडीहा-गोड्डा एनएच-133 पर मंगलवार की सुबह गड्ढे में पलटा टोटो.
हंसडीहा-गोड्डा NH-133 पर जगह-जगह बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भरने से हादसे हो रहे हैं। टोटो, ऑटो व दोपहिया चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी है। मंगलवार सुबह एक टोटो पलट गया, हादसा टल गया। करीब दो माह से सड़क खराब है, मरम्मत नहीं हुई। जल निकासी नहीं होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते। स्थानीय लोगों ने अविलंब सड़क मरम्मत, गड्ढे भरने व जल निकासी की मांग की है, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता है।
हंसडीहा हंसडीहा से गोड्डा जाने वाला एनएच-133 इन दिनों वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है. सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं.
गड्ढे के कारण पलटा टोटो
हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. सड़क की बदहाली का सबसे अधिक खामियाजा टोटो, ऑटो और दोपहिया वाहन चालकों को भुगतना पड़ रहा है. गड्ढों में पानी भर जाने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता. ऐसे में वाहन चालक अचानक गड्ढों में गिरकर असंतुलित हो जाते हैं. दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. मंगलवार की सुबह भी गड्ढे के कारण टोटो पलट गया. टोटो में यात्री भी सवार थे. गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया.
जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले करीब दो माह से सड़क की स्थिति लगातार खराब बनी हुई है. समय बीतने के साथ सड़क की हालत और बदतर होती जा रही है, लेकिन अब तक मरम्मत की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है. लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत के लिए टेंडर होने की बात लगातार सुनने को मिल रही है, लेकिन धरातल पर काम शुरू नहीं होने से लोगों की परेशानी जस-की-तस बनी हुई है. बारिश के दौरान सड़क पर जलजमाव की समस्या भी गंभीर हो जाती है. जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लंबे समय तक सड़क पर जमा रहता है. इससे सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते और दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है. स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग की देखरेख से जुड़े अधिकारियों, प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अनिल कुमार चौधरी
वर्ष 2004 अप्रैल से दैनिक अखबार हिंदुस्तान से पत्रकारिता शुरू की. इसके बाद वर्ष 2013 के अक्टूबर माह से दैनिक अखबार प्रभात खबर में पत्रकारिता को लेकर योगदान किया. अपने थाना क्षेत्र से घटना, दुर्घटना, जन समस्याओं, प्रशासनिक कार्यक्रमों के अलावा अन्य विषयों से जुड़ी खबरों को प्रमुखता ईमानदारी से रखा. जिससे आम लोगों को लाभ मिल सके.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










