ePaper

महाकुंभ स्नान कर धनबाद लौट रहे सेना के अधिकारी समेत परिवार के तीन सदस्यों की मौत, प्रयागराज-वाराणसी हाइवे पर हुआ हादसा

Updated at : 25 Jan 2025 7:08 PM (IST)
विज्ञापन
यूपी में सड़क हादसे में मौत की सूचना पर घर के बाहर जुटे स्थानीय लोग

यूपी में सड़क हादसे में मौत की सूचना पर घर के बाहर जुटे स्थानीय लोग

यूपी के प्रयागराज-वाराणसी हाइवे के मिर्जामुराद में कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से धनबाद के सेना के अधिकारी, उनकी बेटी और भाई की मौके पर ही मौत हो गयी. उनकी पत्नी और भाभी की हालत गंभीर है. वे महाकुंभ स्नान कर लौट रहे थे.

विज्ञापन

धनबाद-प्रयागराज-वाराणसी हाइवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में झारखंड के धनबाद जिले के सरायढेला स्थित खरनागढ़ा निवासी सेना के अधिकारी शिवजी सिंह (46 वर्ष) और उनके परिवार के तीन लोगों की मौत हो गयी. उनकी पत्नी और भाभी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इसके बाद परिजनों को हादसे की सूचना दी गयी. सेना के अधिकारी का परिवार महाकुंभ में स्नान कर वापस धनबाद लौट रहा था. इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गयी.

कार अनियंत्रित होकर डंपर से टकरायी


सेना के अधिकारी शिवजी सिंह अपनी पत्नी नीरा देवी (42 वर्ष), बेटी सोनम कुमारी (17 वर्ष), भाई राजीव सिंह उर्फ राजू सिंह (44 वर्ष) और उनकी पत्नी अलका देवी (39 वर्ष) के साथ प्रयागराज के महाकुंभ मेले में गए थे. 24 जनवरी को महाकुंभ में स्नान आदि के बाद शुक्रवार को सभी अपनी कार से धनबाद के लिए निकले थे. इसी दौरान प्रयागराज-वाराणसी हाइवे के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े डंपर से जा टकरायी. इस घटना में शिवजी सिंह, उनकी बेटी सोनम सिंह और भाई राजीव सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी. उनकी पत्नी नीरा देवी व भाभी अलका देवी गंभीर रूप से घायल हो गयीं. मिर्जामुराद पुलिस ने घायल दोनों महिलाओं को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया और घटना की सूचना धनबाद स्थित उनके परिवारवालों को दी. सूचना मिलते ही परिजन घटना स्थल के लिए रवाना हो हुए.

दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़े


सेना के अधिकारी शिवजी सिंह कार चला रहे थे. उनके भाई राजीव सिंह पास वाली सीट पर बैठे थे. पत्नी नीरा देवी, बेटी सोनम कुमारी और भाई की पत्नी अलका देवी पीछे वाली सीट पर बैठी थीं. कार काफी तेज रफ्तार से डंपर में जाकर टकरा गयी. इस वजह से आगे सीट पर बैठे दोनों भाइयों की मौके पर ही मौत हो गयी, वहीं सोनम की कुछ देर तक सांसें चल रही थीं. अस्पताल ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गयी. इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए.

जूनियर कमांडेंट ऑफिसर के पद पर थे शिवजी सिंह


सेना के अधिकारी शिवजी सिंह लेह लद्दाख में बतौर जूनियर कमांडेंट ऑफिसर के पद पर तैनात थे. उनके पिता शिवदयाल सिंह सेवानिवृत्त होमगार्ड जवान हैं. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही शिवजी छुट्टी पर धनबाद आये थे. सड़क हादसे में परिवार के तीन सदस्यों की मौत की सूचना मिलने के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.

दिल्ली से फ्लाइट नहीं मिलने पर वापस लौटे थे धनबाद, बना महाकुंभ का प्रोग्राम


परिवार के सदस्यों ने बताया कि छुट्टी खत्म होने पर सेना के अधिकारी शिवजी सिंह चार दिन पूर्व लेह लद्दाख के लिए निकल गये थे. दिल्ली से उनकी फ्लाइट थी. अचानक फ्लाइट कैंसिल होने के कारण वह धनबाद लौट आये थे. धनबाद आने के बाद परिवार के सदस्यों ने महाकुंभ स्नान का प्रोग्राम बनाया और उसी दिन कार से निकल गये.

पंजाब में पढ़ता है बेटा


परिजनों ने बताया कि सेना के अधिकारी शिवजी सिंह को एक बेटा और एक बेटी है. बेटी साथ में ही रहती थी, वहीं बेटा पंजाब के एक कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई करता है. कुंभ स्नान करने के लिए बेटा भी साथ जाने वाला था. कॉलेज में छुट्टी नहीं मिलने के कारण वह धनबाद नहीं आ पाया था.

ये भी पढ़ें: सीएम हेमंत सोरेन पहुंचे दुमका, मसानजोर डैम के इको कॉटेज का किया उद्घाटन

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola