Dhanbad News: केंदुआडीह के प्रभावित परिवारों पुनर्वास ही एकमात्र विकल्प : सीएमडी

केंदुआडीह में भू-धंसान व गैस रिसाव पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक. विशेषज्ञों ने कहा : एनएच-32 को चालू करना बेहद जोखिमपूर्ण.
बीसीसीएल मुख्यालय कोयला भवन में सोमवार को केंदुआडीह क्षेत्र में भू-धंसान एवं गैस रिसाव से उत्पन्न स्थिति को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई. बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कोयला मंत्रालय, आइआइटी-आइएसएम धनबाद, पीएमआरसी तथा सीएमएफआर के तकनीकी विशेषज्ञ शामिल हुए. बैठक में टंडाबाड़ी एवं केंदुआडीह क्षेत्र, विशेषकर पुराने एनएच-32 (गोधर-पुटकी मार्ग) पर केंदुआडीह मौजा स्थित पुराने जीएम बंगले के समीप पॉटहोल, भू-धंसान एवं गैस रिसाव पर चर्चा हुई. विशेषज्ञों ने कहा कि क्षेत्र की स्थिति अत्यंत संवेदनशील एवं चिंताजनक है. लगातार गैस रिसाव व भू-धंसान से लोगों के जीवन पर खतरा बना हुआ है. विशेषज्ञों ने कहा कि प्रभावित परिवारों के शीघ्र पुनर्वास ही एकमात्र विकल्प है. यह भी कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-32 को चालू करना बेहद जोखिमपूर्ण हो सकता है. इससे कई बड़ी दुर्घटना घट सकती है.
बैठक में कोयला मंत्रालय के परियोजना सलाहकार आलोक कुमार सिंह, बीसीसीएल के डीटी मुरली कृष्ण रमैया, डीटी (संचालन) संजय कुमार सिंह, डीटी (योजना एवं परियोजना) राजीव कुमार सिन्हा, निदेशक (वित्त) राजेश कुमार, महाप्रबंधक (जेएमपी) राजीव चोपड़ा, महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) संजय कुमार सिंह सहित मुख्यालय के अधिकारियों के अलावा विशेषज्ञों में आइआइटी, आइएसएम के उप निदेशक धीरज कुमार, डीसी पाणिग्रही आदि थे.मानव जीवन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : सीएमडी
सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी तकनीकी प्रयासों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो पाया है. ऐसे में विशेषज्ञों की अनुशंसाओं के अनुरूप प्रभावित परिवारों का त्वरित, सुरक्षित एवं व्यवस्थित पुनर्वास ही एकमात्र विकल्प है. बीसीसीएल प्रबंधन राज्य सरकार एवं संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कदम उठा रहा है. क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जायेगी. विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जायेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










