Dhanbad News: पुराने तीनों एसी क्यूल शेल्टर जर्जर, अब 19 नये खोलने की तैयारी

Updated:
विज्ञापन
Dhanbad News: पुराने तीनों एसी क्यूल शेल्टर जर्जर, अब 19 नये खोलने की तैयारी

लोगों की सुविधा के लिए शुरू की गयी नगर निगम की करोड़ों की योजनाएं, मेंटेनेंस के अभाव में दम तोड़ रहीं हैं.

विज्ञापन

लोगों की सुविधा के लिए शुरू की गयी नगर निगम की योजनाएं रखरखाव के अभाव में दम तोड़ रही हैं. कुछ साल पहले यात्रियों को गर्मी और बारिश से राहत देने के उद्देश्य से पीपीपी मोड पर शुरू किये गये एसी क्यूल शेल्टर अब जर्जर स्थिति में पहुंच गये हैं. शहर के सिटी सेंटर और एसएसएलएनटी महिला कॉलेज के पास बने क्यूल शेल्टरों की हालत खराब हो चुकी है. सिटी सेंटर के पास बने क्यूल शेल्टर में कचरे का अंबार लगा है. पंखा टूटा पड़ा है, एसी गायब है और बिजली कनेक्शन भी नहीं है. वहीं एसएसएलएनटी कॉलेज के पास बने क्यूल शेल्टर का एसी खराब है और पंखा भी काम नहीं कर रहा. काफी समय से सेंटर की सफाई तक नहीं हुई है. इधर बिग बाजार के पास दो साल पहले बना एसी क्यूल सेंटर अब तक उद्घाटन का इंतजार कर रहा है. हैरानी की बात यह है कि पुराने क्यूल शेल्टर बदहाल होने के बावजूद नगर निगम अब शहर में 19 नये एसी क्यूल शेल्टर शुरू करने की तैयारी में जुटा है. हाल ही में बोर्ड की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी भी मिल चुकी है.

आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाये गये थे क्यूल शेल्टर

यात्रियों को गर्मी, बारिश और धूप से राहत देने के उद्देश्य से इन एसी क्यूल शेल्टरों का निर्माण किया गया था. प्रत्येक शेल्टर में छह लोगों के बैठने की व्यवस्था की गयी थी. योजना के अनुसार इन्हें सुबह छह बजे से रात दस बजे तक खुला रखना था. करीब 19 फीट लंबे और नौ फीट चौड़े इन शेल्टरों में सीसीटीवी कैमरा, इलेक्ट्रॉनिक डिसप्ले समेत कई आधुनिक सुविधाएं दी गयी थीं. उस समय दावा किया गया था कि झारखंड का पहला एसी क्यूल शेल्टर धनबाद में शुरू हुआ है. लेकिन रखरखाव के अभाव में ये शेल्टर अब बेकार हो चुके हैं.

इन जगहों पर नये एसी क्यूल शेल्टर खोलने की योजना

प्रभातम मॉल के पास सड़क के दोनों तरफ, बिग बाजार के पास सड़क के दोनों तरफ, माधुरी पैलेस बरटांड़ के पास सड़क के दोनों तरफ, बस स्टैंड के बाहर, सिटी स्टाइल बैंक मोड़, नगर निगम के पुराने कार्यालय के सामने, सेंटर प्वाइंट मॉल के सामने, उर्मिला टावर, आइएसएम गेट, कुंती निवास के सामने, हीरापुर हटिया मोड़, स्टेशन के बाहर, श्रमिक चौक, प्रगति नर्सिंग होम और पूजा टॉकीज के पास एसी क्यूल शेल्टर बनाये जाने हैं.

चार साल बाद भी शुरू नहीं हुआ फूड बॉक्स

नगर निगम की एक और महत्वाकांक्षी योजना ‘फूड बॉक्स’ भी अब तक शुरू नहीं हो सकी है. चार साल पहले इस परियोजना का टेंडर हुआ था, जबकि 15 मार्च 2024 को इसका शिलान्यास किया गया था. भवन बनकर तैयार हो चुका है और यहां 30 स्ट्रीट फूड वेंडरों को बसाने की योजना है. लेकिन नगर निगम अब तक पर्याप्त स्ट्रीट फूड वेंडर नहीं जुटा सका है. फिलहाल सिर्फ 10 वेंडरों के साथ ही करार हो पाया है. नतीजतन तैयार भवन उपयोग शुरू होने से पहले ही उपेक्षा का शिकार होने लगा है.

विज्ञापन
आशीष कुमार

लेखक के बारे में

By आशीष कुमार

आशीष कुमार प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola