फोर्ड हॉस्पिटल में 21 साल के युवक की सफल लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, पेट से निकाली गई गोली
फोर्ड हॉस्पिटल, फोटो पीके
जमुई निवासी 21 वर्षीय गौरव कुमार (बदला हुआ नाम) की फोर्ड हॉस्पिटल में जटिल लेप्रोस्कोपिक सर्जरी कर शरीर में फंसी गोली सफलतापूर्वक निकाल ली गई. समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बच गई.
हॉस्पिटल के निदेशक एवं जनरल सर्जन डॉ संतोष कुमार, डॉ आलोक कुमार एवं डॉ प्रभात रंजन की टीम ने ऑपरेशन किया. फिलहाल युवक स्वस्थ है और उसे हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया है.
पेट से गोली निकालने में डॉक्टरों की टीम को लगा एक घंटे का समय
डॉ आलोक ने बताया कि गौरव को पीछे से गोली मारी गई थी. गोली पेट के दाहिने हिस्से के निचले भाग में जाकर फंस गई थी. घटना के तुरंत बाद परिजन उसे फोर्ड हॉस्पिटल लेकर पहुंचे. यहां चिकित्सकों ने सीटी स्कैन कराया, जिसमें राहत की बात यह रही कि गोली लगने के बावजूद पेट के प्रमुख आंतरिक अंग सुरक्षित थे और किसी महत्वपूर्ण अंग को गंभीर क्षति नहीं पहुंची थी. इसके बाद चिकित्सकों ने बिना देरी किए लेप्रोस्कोपिक तकनीक से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया. सर्जरी के दौरान पेरिटोनियम को सावधानीपूर्वक खोलकर फंसी हुई गोली बाहर निकाल दी गई. यह पूरी प्रक्रिया करीब एक घंटे तक चली और सफल रही.
सही समय पर हॉस्पिटल लाने से बची गौरव की जान
फोर्ड हॉस्पिटल के निदेशक एवं जनरल सर्जन डॉ संतोष कुमार ने बताया कि गोली लगने के तुरंत बाद मरीज को अस्पताल पहुंचा दिया गया था. इसी वजह से समय पर उपचार संभव हो सका और उसकी जान बचाई जा सकी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए