धनबाद में सीआरपीएफ की सुरक्षा में ईडी की रेड, आयकर विभाग की टीम भी जांच में शामिल

नालंदा कॉटेज में माधव सिंह के घर जांच करती ईडी की टीम
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनबाद में अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े आर्थिक लेन-देन की जांच के लिए 20 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की. सीआरपीएफ की सुरक्षा में हुई इस कार्रवाई में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं. शहर में दिनभर इस रेड को लेकर चर्चाएं गर्म रहीं.
सुधीर सिन्हा की रिपोर्ट
धनबाद: अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े आर्थिक लेन-देन की जांच में मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एक साथ 20 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी शुरू की. सुबह करीब छह बजे रांची और पश्चिम बंगाल से आई ईडी की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर एक साथ दबिश दी. सुरक्षा के मद्देनजर बोकारो से सीआरपीएफ जवानों को बुलाया गया, जबकि आयकर विभाग की टीम भी कार्रवाई में शामिल रही. धनबाद में ईडी की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है. ईडी की टीमें दिनभर संबंधित परिसरों में दस्तावेजों की जांच, डिजिटल उपकरणों की पड़ताल और आर्थिक लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगालती रहीं. जांच के दौरान कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), बैंकिंग दस्तावेज, संपत्ति संबंधी कागजात तथा अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच की जा रही है. कई स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी पड़ताल की गई.
गोपनीय रही ईडी की कार्रवाई
छापेमारी की कार्रवाई इतनी गोपनीय रखी गई थी कि अधिकांश लोगों को इसकी जानकारी तब मिली, जब ईडी और सीआरपीएफ की गाड़ियां संबंधित परिसरों पर पहुंच चुकी थीं. शहर के कई इलाकों में दिनभर इस कार्रवाई को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा.

गलत पते पर पहुंची ईडी टीम, फिर शुरू की छापेमारी
कार्रवाई के दौरान नालंदा कॉटेज में एक रोचक घटनाक्रम भी सामने आया. ईडी की टीम कथित रूप से माधव सिंह के आवास की जगह पहले पड़ोसी के घर पहुंच गई. बाद में जानकारी स्पष्ट होने पर टीम निर्धारित पते पर पहुंची और जांच शुरू की. ईडी की यह कार्रवाई अवैध कोयला कारोबार, उससे अर्जित कथित अवैध संपत्ति और वित्तीय लेन-देन की जांच के सिलसिले में महत्वपूर्ण मानी जा रही है. सभी जगहों पर जांच जारी है. अधिकारियों ने कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं.
इन ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई
- गांगुली कॉम्प्लेक्स स्थित एसके शर्मा का कार्यालय
- टिकियापाड़ा में अनिल गोयल का आवास
- अनिल गोयल के करीबी सबीर आलम का ठिकाना
- लोयाबाद में डिप्टी मेयर के भाई हरेंद्र चौहान का आवास
- झरिया में गणेश यादव का घर
- शिमला बहाल (झरिया) में रंजीत सिंह का आवास
- बैंक मोड़ में पप्पू मंडल का ठिकाना
- शेखर यादव का आवास
- तेतुलिया में रोहित यादव का घर
- नालंदा कॉटेज में माधव सिंह का आवास
- रितेश शर्मा के राज आंगन में कार्रवाई
- कपुरिया जोरिया स्थित अनिल गोयल के भट्ठे पर कार्रवाई
- लोदना (झरिया) में ओम प्रकाश सिंह एवं रंजीत सिंह के आवास
- लोदना में विजय पासवान का घर
- बैंक मोड़ स्थित शांति भवन में हार्डकोक कारोबारी अमन कनोड़िया के कार्यालय पर छापा
- चौथाईकुली (झरिया) में सुभाष साव के आवास पर कार्रवाई
ये भी पढ़ें: हुसैनाबाद में ट्रक से 320 किलो गांजा बरामद, डेढ़ करोड़ से अधिक की खेप जब्त
ये भी पढ़ें: JSSC-JPSC नियुक्तियों की CBI जांच हो, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को मिले सजा : चंपाई सोरेन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रिया गुप्ता
प्रिया गुप्ता प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










