Dhanbad News: जल संकट व बिजली कटौती से त्राहिमाम कर रही जनता : बाबूलाल

बिजली-पानी संकट पर भाजपा ने किया उपायुक्त कार्यालय का घेराव
पानी-बिजली की समस्या को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को धनबाद में आक्रोश प्रदर्शन किया. पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया. इस दाैरान बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता सिर पर मटका रखकर शामिल हुईं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खाली घड़े फोड़कर विरोध जताया.
भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी नल-जल योजना
सभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जनता भीषण जल संकट व बिजली कटौती से त्राहिमाम कर रही है. कई इलाकों में लोग नदी, नाला, डोभा व चुआं से पानी लाने को विवश हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा दी गयी नल-जल योजना की राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गयी है. वहीं बिजली कटौती की स्थिति यह है कि अस्पतालों में डॉक्टर मोबाइल की रोशनी में ऑपरेशन करने को विवश हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार पानी-बिजली संकट को लेकर नहीं जागी तो भाजपा पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी. जरूरत पड़ी तो मुख्यमंत्री आवास का घेराव भी होगा.
विदेश में बैठकर व्यवस्था को कैसे चुनौती दे रहा अपराधी, स्पष्ट करे सरकार
श्री मरांडी ने हाल ही में अपराधी प्रिंस खान द्वारा जारी वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने यह वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए राज्य सरकार को पत्र भी लिखा है. एक अपराधी जेल के बाहर से या विदेश से बैठकर व्यवस्था को कैसे चुनौती दे रहा है. सरकार इस मामले में स्पष्ट करे और सुनिश्चित करे कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है या नहीं. वहीं सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद की जनता पानी-बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को विवश है. भाजपा जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी. पूर्व सांसद पीएन सिंह ने कहा कि धनबाद जैसे औद्योगिक शहर में पानी और बिजली की समस्या अत्यंत गंभीर विषय है. राज्य सरकार तत्काल प्रभावी कदम उठाये. धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि जिले में पानी और बिजली की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है. प्रशासन व्यवस्था संभालने में असफल साबित हो रहा है. झरिया विधायक रागिनी सिंह ने भी राज्य सरकार से अविलंब जलापूर्ति और निर्बाध बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की. जबकि बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने कहा कि चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो भाजपा आंदोलन करने को बाध्य होगी. प्रदर्शन का संचालन जिला महामंत्री मानस प्रसून व विकास कुमार महतो ने किया. कार्यक्रम में पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष सतेंद्र कुमार, महानगर के जिलाध्यक्ष श्रवण राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार, मानस प्रसून, रूपेश सिन्हा, योगेंद्र यादव, तारा देवी, विकास कुमार महतो, शेखर सिंह, धर्मजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.
अलग-थलग दिखे राज सिन्हा और रागिनी सिंह
भाजपा के आक्रोश प्रदर्शन के दौरान धनबाद विधायक राज सिन्हा और झरिया विधायक रागिनी सिंह अलग-थलग नजर आये. यह पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बना रहा. जुलूस में जहां धनबाद विधायक राज सिन्हा सबसे पीछे चलते दिखे, वहीं झरिया विधायक रागिनी सिंह सीधे उपायुक्त कार्यालय गेट के पास पहुंची. वहीं जुलूस में बाबूलाल मरांडी के साथ सांसद ढुलू महतो, पूर्व सांसद पीएन सिंह और बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो सबसे आगे नजर आये. इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










