Dhanbad News: फायरिंग मामले में सैफी उर्फ मेजर को नहीं मिली राहत

Dhanbad News: न्यायालय ने पुलिस से मांगा आपराधिक इतिहास
Dhanbad News: रंगदारी को लेकर मटकुरिया स्थित टायर शोरूम पर फायरिंग मामले में वासपुर के फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के करीबी सैफ अब्बास नकवी उर्फ मेजर (सैफी) को सोमवार को अदालत से कोई राहत नहीं मिली. मेजर के अधिवक्ता शाहनवाज व सहायक लोक अभियोजक की दलील सुनने के बाद धनबाद के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी बीके लाल की अदालत ने मेजर का आपराधिक इतिहास पुलिस से मांगा है. मेजर को इस मामले में छह मई 2026 को रिमांड किया गया था. इस संबंध में भूली रोड अली नगर निवासी शाहनवाज अख्तर की शिकायत पर 29 मार्च 2022 को मामला दर्ज किया गया था. प्राथमिकी के मुताबिक 28 मार्च 2022 की सुबह 11:55 बजे वह मटकुरिया स्थित अपने टायर शोरूम में बैठा था. वहां अन्य कर्मचारी भी थे. इस दौरान बैंकमोड़ की तरफ से लाल रंग की बाइक से दो अज्ञात व्यक्ति पहुंचे. बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने दुकान पर दो राउंड फायरिंग की. इससे शोरूम का शीशा टूट गया. घटना के बाद अपराधी मटकुरिया की तरफ भाग गये. शाहनवाज ने आरोप लगाया कि रंगदारी मांगने के उद्देश्य से उनपर हमला किया गया था. शाहनवाज की शिकायत पर 29 मार्च 2022 को अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. अनुसंधान में पुलिस ने 21 दिसंबर 2024 को मुहम्मद हुसैन उर्फ टीपू, अफरीदी सिद्दीकी उर्फ अफरीदी, राजा मोहम्मद सारीक, मोहम्मद फैसल को गिरफ्तार किया था, जिसने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीका की थी. उनलोगों ने कहा कि प्रिंस खान गिरोह के लिए ये लोग रंगदारी वसूली का काम करते हैं. इन लोगों ने अपने सहयोगियों के रूप में मो तस्लीम उर्फ किशन खान, इरफान अली उर्फ इरफान मुखिया, शाहिद रजा, जीशान इकबाल उर्फ मोहम्मद शमी, शिवम उर्फ शिबा डोम का नाम बताया था जिसके विरुद्ध आरोप पत्र दायर किया था तथा प्रिंस खान उर्फ हैदर अली गोपी खान उर्फ जियाउल रहमान, विक्रम सिंह उर्फ विक्की अयान खान उर्फ नानू सैयद, सैफ अब्बास नकवी उर्फ सैफी, शाहबाज ताज उर्फ ताजुद्दीन के विरुद्ध अनुसंधान जारी रखा था. 28 अप्रैल 2026 बैंकमोड़ पुलिस ने सैयद सफी अब्बास नकवी उर्फ सैफी उर्फ मेजर को इस मामले में रिमांड लेने का आवेदन दिया था. पुलिस के आवेदन के आधार पर सैफी को छह मई 26 को रिमांड किया गया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










