Dhanbad News: जिला कोषागार में बढ़ी सख्ती, सभी डीडीओ को भुगतान पर कड़ी निगरानी का निर्देश

Published by : ASHOK KUMAR Updated At : 14 Apr 2026 12:48 AM

विज्ञापन

सरकार के निर्देश के बाद सख्त हुआ विभाग. कोषागार पदाधिकारी ने सभी डीडीओ को लिखा पत्र.

विज्ञापन

बोकारो समेत राज्य के कई जिलों में कोषागार से निकासी में गड़बड़ी मिलने के बाद धनबाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है. धनबाद कोषागार में अब वित्तीय लेन-देन की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी व सुरक्षित बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं. जिला कोषागार पदाधिकारी पंकज कुमार ने जिले के सभी डीडीओ पत्र लिखकर सरकार के निर्देशों के अनुसार काम करने का अनुरोध किया है. बताया कि पूरे मामले की निगरानी रांची स्थित वित्त विभाग के प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग यूनिट (पीएमयू) द्वारा की जा रही है. इस जांच में यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो संबंधित जिले में जांच के लिए अलग से कमेटी गठित की जायेगी. टीओ श्री पंकज ने बताया कि ट्रेजरी कोड के नियम 156 और 167 के तहत निकासी पदाधिकारी और कार्यालय प्रधान को निर्देश दिया गया है कि निकासी की जिम्मेदारी उनकी है, ताकि किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके.

किसी भी भुगतान से पहले होगी बैंक अकाउंट की जांच

कोषागार पदाधिकारी ने बताया कि सरकार द्वारा गत दिनों पत्र जारी किया गया था. इसमें जिला स्तर पर सभी डीडीओ को निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी भुगतान से पहले लाभुक के बैंक खाते की पूरी जांच करें. इसमें आइएफएससी कोड, खाता संख्या और नाम का मिलान अनिवार्य किया गया है. डीडीओ को प्रमाण पत्र देना होगा कि सभी विवरणों का सत्यापन किया गया है. ऑनलाइन भुगतान प्रक्रिया में भी इन नियमों का सख्ती से पालन करना है.

पे स्लिप के आधार पर हो वेतन भुगतान

वेतन भुगतान के मामले में भी सख्ती लागू की गयी है. सभी कर्मचारियों को वेतन केवल जिला लेखा पदाधिकारी द्वारा निर्गत पे-स्लिप के आधार पर ही दिया जायेगा. साथ ही सर्विस बुक का मिलान और बैंक खाते का सत्यापन पासबुक व चेकबुक के आधार पर करना अनिवार्य है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ओटीपी साझा करने पर रोक लगा दी गयी है. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी वित्तीय कार्य उनकी उपस्थिति में ही किये जायें. किसी एक लिपिक को लंबे समय तक एक ही स्थान पर न रखा जाये.

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola