जेपी विश्वविद्यालय के तहत 28 नए राजकीय डिग्री कॉलेज शुरू, स्नातक सत्र 2026 से नामांकन प्रक्रिया जारी
Published by : YUVRAJ RATAN Updated At : 30 May 2026 2:56 PM
जयप्रकाश विश्वविद्यालय की तस्वीर
Saran News : जेपीयू में स्नातक एडमिशन प्रक्रिया तेज, सभी दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य
Saran News (प्रभात किरण हिमांशु) : जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अंतर्गत हाल ही में 28 नये राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का संचालन प्रारंभ किया गया है. राज्य सरकार से अनुमति मिलने के उपरांत स्नातक के वर्तमान सत्र 2026 के अंतर्गत इन सभी डिग्री महाविद्यालयों में नामांकन के लिए अप्लाइ भी हो रहा है. यह सभी 28 महाविद्यालय छपरा, सीवान व गोपालगंज के अलग-अलग प्रखंड में स्थापित किये गये हैं. फिलहाल इन सभी का संचालन प्रखंड स्तरीय इंटर कॉलेज के शैक्षणिक भवन से किया जायेगा. विश्वविद्यालय के वरीय प्राध्यापकों को इन कॉलेजों का प्राचार्य भी नियुक्त किया गया है. इस समय विश्वविद्यालय के अंगीभूत व संबद्ध महाविद्यालयों के साथ ही इन सभी डिग्री महाविद्यालय में भी नामांकन के लिए ऑनलाइन अप्लाइ लिया जा रहा है. विश्वविद्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सभी कॉलेजों में 48-48 सीटों पर इस सत्र में दाखिला होगा. जिसके अंतर्गत कुछ छह विषय हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान तथा सोशियोलॉजी विषय को शामिल किया गया है. इन कॉलेजों में इस सत्र में सभी छह विषयों में नामांकन के लिए अप्लाइ हो रहा है. लेकिन अगले सत्र से विषयों की संख्या भी बढ़ायी जायेगी तथा सीटों की संख्या में भी बढ़ोतरी होनी है. वहीं अगले सत्र से सभी डिग्री महाविद्यालय का अपना भवन भी बन जायेगा. इस संदर्भ में पूर्व में ही राज्य सरकार द्वारा नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है.
अगले सत्र से 17 विषयों की होगी पढ़ाई
इस समय स्नातक के वर्तमान सत्र के लिए इन सभी डिग्री महाविद्यालयों में कुल छह विषयों को स्वीकृति दी गयी है. लेकिन अगले सत्र से स्नातक के अंतर्गत डिग्री महाविद्यालयों में 17 विषयों की पढ़ाई शुरू कर दी जायेगी. इसकी रूपरेखा भी तय कर ली गयी है. जानकारी के अनुसार अगले सत्र से हिंदी, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, इतिहास, मनोविज्ञान, भूगोल, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, गृह विज्ञान, गणित, भौतिकी, रसायन शास्त्र, वनस्पति विज्ञान, प्राणी विज्ञान, वाणिज्य तथा पर्यावरण विज्ञान विषय को डिग्री महाविद्यालय में विषय के रूप में शामिल कर लिया जायेगा. वहीं कॉलेज के विधिवत संचालन के लिए शिक्षक श्रेणी में 32 तथा शिक्षकेत्तर श्रेणी में 12 कर्मियों की नियुक्ति भी की जायेगी. इसके अलावा सहायक पुस्तकालय अध्यक्ष तथा लाइब्रेरी इंचार्ज भी बनाये जायेंगे. भविष्य में भूमि की उपलब्धता के आधार पर चरणबद्ध तरीके से इन महाविद्यालयों के स्थायी परिसर व भवन का निर्माण भी कराया जायेगा.
22 जून को पहली मेधा सूची होगी जारी, 23 जून से कॉलेजों में नामांकन शुरू
इस समय स्नातक के नये सत्र में नामांकन के लिए ऑनलाइन अप्लाइ की प्रक्रिया जारी है. 10 जून तक अप्लाइ की अंतिम तिथि है. छपरा, सीवान व गोपालगंज के सभी अंगीभूत, संबद्ध तथा राजकीय डिग्री महाविद्यालयों में उपलब्ध सीटों पर नामांकन के लिए ऑनलाइन अप्लाइ किया जा रहा है. पूर्व से जो कॉलेज संचालित हो रहे हैं, वहीं इस सत्र से जो नये डिग्री महाविद्यालय खुले हैं. उनमें विषयवार कितनी सीट रिक्त है. इसकी संख्या वेबसाइट पर उपलब्ध है. नामांकन के लिए ऑनलाइन अप्लाइ की प्रक्रिया की सभी जानकारी वेबसाइट पर जारी की गयी है. छात्र-छात्राएं विश्वविद्यालय पर जाकर उपलब्ध लिंक के माध्यम से ऑनलाइन अप्लाइ करेंगे. ऑनलाइन अप्लाइ करते समय सभी एकेडमिक कागजातों को संलग्न करना अनिवार्य होगा. अप्लाइ की प्रक्रिया 10 जून तक चलेगी. जिसके बाद सभी आवेदनों का वेरिफिकेशन किया जायेगा और 22 जून को नामांकन की पहली मेधा सूची जारी हो जायेगी. 23 जून से सभी कॉलेजों में नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर देनी है.
Also Read : सीवान में बंद घर से लाखों की चोरी मामले में हिरासत में दो संदिग्ध, पुलिस कर रही पूछताछ
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










