Dhanbad News: बीसीसीएल में 13 दिनों के अग्रिम वेतन भुगतान के लिए मांगे आवेदन

Published by : ASHOK KUMAR Updated At : 24 Mar 2026 2:35 AM

विज्ञापन

सैफ सिस्टम लागू होने से वेतन में हुई थीं विसंगतियां. 15 दिनों के भीतर निर्धारित प्रारूप में करना होगा आवेदन.

विज्ञापन

बीसीसीएल प्रबंधन ने कर्मचारियों के 13 दिनों के अग्रिम वेतन भुगतान से जुड़ी विसंगतियों के निबटारे के लिए अहम कदम उठाया है. इस संबंध में 21 मार्च को जारी पत्र के माध्यम से पात्र कर्मचारियों से आवेदन आमंत्रित करने का निर्देश दिया गया है. जारी आदेश के अनुसार, सभी क्षेत्रों, विभागों एवं कोलियरियों में नोटिस जारी होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर संबंधित कर्मचारी निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकेंगे. प्रबंधन ने निर्देश दिया है कि नोटिस को कार्यालय के प्रवेश द्वार, उपस्थिति अंकन केंद्र तथा सूचना पटों पर प्रमुखता से चस्पा किया जाये, ताकि सभी कर्मियों को इसकी जानकारी मिल सके. पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह प्रक्रिया एक वन-टाइम सेटलमेंट के रूप में लागू होगी. निर्धारित अवधि में आवेदन नहीं करने वाले कर्मचारियों को यह माना जायेगा कि उनका कोई बकाया नहीं है.

60 दिनों के भीतर जांच कर होगी अनुशंसा

प्राप्त आवेदनों की जांच के लिए क्षेत्रीय स्तर पर कार्मिक एवं वित्त प्रबंधकों की समिति गठित की जायेगी, जो कोलेटेड डेटा, डिजिटल अभिलेख एवं कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के आधार पर 60 दिनों के भीतर जांच कर अनुशंसा देगी. बीसीसीएल प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई कर्मचारी गलत जानकारी प्रस्तुत करता पाया गया तो उसके खिलाफ अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जायेगी तथा अग्रिम राशि की वसूली ब्याज सहित की जायेगी. साथ ही, भुगतान से संबंधित सभी आदेश एवं दस्तावेज ईआरपी में अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो. प्रबंधन ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस आदेश का तत्काल प्रभाव से अनुपालन सुनिश्चित करें.

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola