.छह दिनों से हाथी का आतंक, घर तोड़े, फसल रौंदी, ग्रामीणों में दहशत
Published by : Akarsh Aniket Updated At : 11 Feb 2026 9:50 PM
गिद्धौर में घर में घुसा जंगली हाथी, मां बच्चों को गोद में लेकर बची, वन विभाग ने चलाया सर्च ऑपरेशन
गिद्धौर में घर में घुसा जंगली हाथी, मां बच्चों को गोद में लेकर बची, वन विभाग ने चलाया सर्च ऑपरेशन गिद्धौर. प्रखंड क्षेत्र में लगातार छह दिनों से जंगली हाथी के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं. बुधवार शाम करीब सात बजे जंगली हाथी गिद्धौर फुटबॉल मैदान के समीप खिरोधर साव के घर को तोड़ते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया. इसके बाद बगल में स्थित मिथुन साव के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गया और घर में रखे ड्रम को बाहर खींचकर उसमें रखा चावल नष्ट कर दिया. घटना के समय घर में मां अपने चार बच्चों के साथ मौजूद थी. मिथुन साव की पत्नी ने बताया कि सभी लोग एक छोटे कमरे में थे. अचानक हाथी पहुंचा और दरवाजा तोड़कर ड्रम बाहर खींच ले गया तथा चावल खाने लगा. इसी दौरान वह चारों बच्चों को गोद में लेकर हाथी के पास से भागकर बाहर निकली और ग्रामीणों को सूचना दी. सूचना मिलते ही ग्रामीण जुटे और वन विभाग की टीम के साथ मिलकर हाथी को खदेड़कर कुछ दूर तक भगाया. इसके बाद हाथी पेक्सा गांव के आसपास पहुंच गया. हाथी आने की खबर सुनकर ग्रामीण एकजुट हुए और उसे जंगल की ओर भगाने का प्रयास किया. रात करीब दो बजे हाथी कोशमागढ़ा पहुंचा, जहां सुभाष दांगी के गन्ना, केला, मसूरी समेत अन्य फसलों को रौंदकर नष्ट कर दिया. सुबह होते ही हाथी जंगल की ओर चला गया. वहीं विधायक प्रतिनिधि कपिल कुमार, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार कुशवाहा और वनरक्षी संजय कुमार ने ड्रोन कैमरे से हाथी की खोजबीन की. वनरक्षी संजय कुमार ने बताया कि हाथी को सुरक्षित तरीके से भगाने का प्रयास किया जा रहा है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










