झारखंड में नप गए एक थानेदार, ईंट भट्ठा संचालक से 20 हजार घूस मांगना पड़ा महंगा

निलंबित हंटरगंज थाना प्रभारी मनीष कुमार
चतरा में ईंट भट्ठा संचालक से 20 हजार रिश्वत की मांग करने वाले हंटरगंज थाना प्रभारी मनीष कुमार पर कार्रवाई हुई है. थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए चतरा से चाईबासा भेज दिया गया है.
चतरा, तसलीम-भ्रष्टाचार के विरुद्ध चतरा जिले में बड़ी कार्रवाई हुई है. झारखंड सरकार के सख्त निर्देश पर डीजीपी अनुराग गुप्ता एक्शन में हैं. ईंट भट्ठा संचालक से 20 हजार रिश्वत की मांग करने वाले मामले में हंटरगंज थाना प्रभारी मनीष कुमार पर कार्रवाई हुई है. पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) ने थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए प्रशासनिक दृष्टिकोण से चतरा से चाईबासा जिला भेज दिया है. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो झारखंड रांची द्वारा हंटरगंज थाना प्रभारी मनीष कुमार के विरुद्ध भ्रष्टाचार में लिप्त पाये जाने से संबंधित गोपनीय सत्यापन प्रतिवेदन पुलिस मुख्यालय, झारखंड, रांची को उपलब्ध कराया गया है. गोपनीय सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर यह कार्रवाई की गयी.
चतरा एसपी विकास पांडेय को मिला ये निर्देश
चतरा एसपी विकास पांडेय को इसकी सूचना देते हुए थाना प्रभारी को तीन दिनों के अंदर विरमित कर भौतिक रूप से प्रस्थान कराते हुए अनुपालन प्रतिवेदन निश्चित रूप से पुलिस मुख्यालय झारखंड को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. वहीं दूसरी ओर इस कार्रवाई से अवैध वसूली करने वाले पुलिस पदाधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है.
इस मामले में हुई कार्रवाई
मीरपुर गांव निवासी रामपूजन कुमार गुप्ता के ईंट भट्ठे पर दो फरवरी को थाना प्रभारी मनीष कुमार पहुंचे और 20 हजार रुपये की मांग की. रामपूजन ने कहा कि वह गरीब आदमी है. पैसा नहीं दे पायेगा. इस पर थाना प्रभारी ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर थाना लाकर पैसा नहीं दिया तो ईंट भट्ठा को बंद करा देंगे. इसके साथ ही मजदूरों के साथ गाली-गलौज भी की. रामपूजन ने तुरंत इसकी शिकायत डीजीपी अनुराग गुप्ता से की और आवेदन ह्वाट्सएप किया. डीजीपी ने कॉल पर ही मामले को संज्ञान में लिया और पांच फरवरी को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) हजारीबाग की टीम गांव पहुंची. जहां मामले की पूरी जानकारी ली. साथ ही जबरन वसूली के शिकार 10 लोगों से मामले को लेकर जानकारी लेते हुए आवेदन प्राप्त किया. इसके बाद मामला सही पाये जाने पर रांची एसीबी को जांच रिपोर्ट सौंपी गयी. जिसके बाद कार्रवाई की गयी.
पढ़ें प्रभात खबर की प्रीमियम स्टोरी: Mughal Harem Stories : हिंदू रानियां राजनीतिक समझौते की वजह से मुगल हरम तक पहुंचीं, लेकिन नहीं मिला सम्मान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




