चतरा में खैनी मांगने के विवाद में सनकी गार्ड ने साथी की सिर में गोली मार की हत्या

Updated:
विज्ञापन
घटनास्थल में लोगों की भीड़

घटनास्थल पर लोगों की भीड़

चतरा SP आवास के बाहर एक सनकी निजी गार्ड ने खैनी मांगने को लेकर हुए विवाद में अपने ही साथी गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पुलिस ने आरोपी गार्ड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

विज्ञापन

Chatra Crime News: चतरा जिले के एसपी आवास के बाहर सनकी निजी गार्ड बलवीर सिंह ने दूसरे साथी गार्ड अतुल सिंह की सिर में गोली मार कर हत्या कर दी. आरोपी ने खैनी मांगने पर हुए विवाद में मंगलवार को दिन के दो बजे गुस्से में आकर घटना को अंजाम दिया. इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. गोली लगने से दूसरे गार्ड की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. आरोपी बलवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि अतुल खैनी के लिए उसे बार-बार परेशान कर रहा था. साथ ही अन्य बातों के लिए भी चिढ़ा रहा था. घटना के बाद पैदल भाग रहे आरोपी गार्ड को पुलिसकर्मियों ने परिसदन भवन के पास से हिरासत में ले लिया. इधर, सूचना मिलते ही एसपी अनिमेष नैथानी, डीएसपी मुख्यालय सुनील सिंह, टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार और सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी.

डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी गार्ड बलवीर सिंह से पूछताछ की जा रही है. इसके पूर्व भी उसने नबीनगर में भी फायरिंग की थी. उसे लेकर भी जांच की जा रही है. आरोपी के पास से रिनपास की दवा का पुर्जा मिला है, जिससे लगता है कि वह मानसिक रूप से परेशान रहता है. बताया जा रहा है कि बलवीर सिंह सनकी स्वभाव का है और छोटी-छोटी बातों पर लोगों से उलझता रहता था. घटना के समय मौजूद तीसरे सरकारी अंगरक्षक सत्येंद्र कुमार को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने के साथ ही सभी पहलुओं की जांच कर रही है. मृतक अतुल सिंह बिहार के बक्सर का रहनेवाला था और आरोपी बलवीर सिंह गाजियाबाद का निवासी है. 

कंस्ट्रक्शन कंपनी से जुड़े हैं दोनों गार्ड 

दोनों निजी गार्ड चतरा में बाइपास निर्माण का कार्य कर रही रमिया कंस्ट्रक्शन कंपनी से जुड़े थे. घटनास्थल से जब्त फोर्ड एंडेवर गाड़ी भी इसी कंपनी की बतायी जा रही है. कंपनी के संचालक रॉकी यादव बिहार की बेलागंज विधायक मनोरमा देवी के पुत्र हैं. वह घटना के समय एसपी अनिमेष नैथानी से मुलाकात कर रहे थे. इसी दौरान बाहर मौजूद उक्त दोनों निजी गार्डों के बीच विवाद के बाद घटना हुई.

फायरिंग की आवाज से फैली दहशत

एसपी आवास के बाहर अचानक फायरिंग की आवाज से आसपास के लोगों में दहशत फैल गयी. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर जानकारी ली. वहीं, सूचना मिलते ही शहर के काफी लोग भी एसपी आवास के बाहर पहुंच गये, जिससे कुछ देर के लिए सड़क की दोनों ओर लोगों की भीड़ लग गयी. फिर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया.

विधायक के सरकारी गार्ड को लेकर चल रहा था रॉकी

डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बेलागंज की विधायक मनोरमा देवी के नाम पर सरकारी गार्ड अलॉट है. सरकारी गार्ड को लेकर विधायक के पुत्र रॉकी यादव चलते हैं. सरकारी गार्ड गया पुलिस का जवान है. उससे भी पूछताछ की जा रही है.

ये भी पढ़ें: गुमला में सेना के जवान से 21.37 लाख रुपये की ठगी, एसपी-डीसी से लगाई इंसाफ की गुहार

ये भी पढ़ें: हजारीबाग: खेत देखने गए किसान की हाथियों के हमले में मौत, जंगल के पास मिला शव


विज्ञापन
श्वेता वैद्य

लेखक के बारे में

By श्वेता वैद्य

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.

झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola