Chakradharpur News : चक्रधरपुर में 12 अयोग्य रेलवे क्वार्टर ध्वस्त, झुग्गी-झोपड़ी खाली करने का निर्देश

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 02 Jun 2026 12:02 AM

विज्ञापन

रेल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर ''पीएम गतिशक्ति योजना'' के तहत जल्द शुरू होगा नयी पार्किंग का निर्माण

विज्ञापन

चक्रधरपुर.

रेलवे कॉलोनी निरीक्षण ग्रुप (सीआइजी) की रिपोर्ट पर रेलवे प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है. सोमवार को रेलवे इंजीनियरिंग विभाग ने चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र के करीब 12 अयोग्य रेलवे क्वार्टरों को ध्वस्त कर दिया. सुबह से शाम तक दर्जनों मजदूर इस अभियान में जुटे रहे. जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष रेलवे प्रशासन ने स्टेशन क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए रेल भूमि से 15 से अधिक क्वार्टरों को खाली कराया था. सुरक्षा कारणों से इन क्वार्टरों को बंद कर अयोग्य घोषित किया गया था. इसके बावजूद कई लोग चोरी-छिपे इन बंद क्वार्टरों में रह रहे थे. सीआइजी की रिपोर्ट में इस तथ्य का खुलासा होने के बाद रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया. सीआइजी सदस्य केएम प्रसाद ने कहा कि रिपोर्ट पर रेलवे प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है. उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था और सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया.

झुग्गी-झोपड़ियां खाली करने का निर्देश

अयोग्य क्वार्टरों के समीप स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में भी लोग रह रहे हैं. सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे ने वहां रहने वाले लोगों को स्वेच्छा से झुग्गी-झोपड़ियां खाली करने का निर्देश दिया है. अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन से सटे अवैध ढांचों के कारण विकास और निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं. रेल भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा.

जल्द शुरू होगा नया वाहन पार्किंग निर्माण

रेलवे की पीएम गतिशक्ति परियोजना के तहत चक्रधरपुर स्टेशन में विभिन्न विकास कार्य किए जा रहे हैं. इसी क्रम में स्टेशन से सटे रेलवे अस्पताल के निकट चारपहिया वाहन पार्किंग बनाने की योजना पर काम चल रहा है. पार्किंग स्थल को खाली कराने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नयी पार्किंग बनने से चक्रधरपुर स्टेशन में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था बेहतर होगी. साथ ही स्टेशन क्षेत्र का विस्तार होगा और यात्रियों को भी सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी.

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola