Chakradharpur News : आंगन में सो रहे पूर्व उप मुखिया की कनपटी में गोली मारी, मौत
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 01 Jun 2026 11:55 PM
चक्रधरपुर : आधी रात को बाइक से पहुंचे नकाबपोश अपराधियों ने दिया घटना को अंजाम
चक्रधरपुर.
चक्रधरपुर प्रखंड की गुलकेड़ा पंचायत में रविवार की आधी रात नकाबपोश अपराधियों ने पूर्व उप मुखिया संजय बोयपाई (44 वर्ष) को घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी. घटना संपत्ति विवाद में होने की आशंका में पुलिस जांच कर रही है. घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. इलाके में दहशत का माहौल है. सूचना मिलते ही चक्रधरपुर पुलिस पहुंची. पुलिस ने सोमवार को अनुमंडल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया. जानकारी के अनुसार, गुइगांव निवासी संजय बोयपाई रविवार की रात अपने परिवार के साथ भोजन के बाद आंगन में चारपाई पर सो गये. रात करीब 12:00 बजे दो से तीन मोटरसाइकिलों पर अज्ञात नकाबपोश अपराधी उनके घर पहुंचे. अपराधी बेहद शांत कदमों से आंगन में दाखिल हुए. गहरी नींद में सो रहे संजय बोयपाई की कनपटी पर गोली दाग दी. गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग बाहर निकले. हालांकि, तबतक अपराधी अपनी बाइकों पर सवार होकर फरार हो गये.अत्यधिक खून बहने से अस्पताल के रास्ते में दम तोड़ा
18 वर्षीय पुत्र आकाश बोयपाई ने बताया कि पिता को लहूलुहान और घायल अवस्था में आनन-फानन में चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले उन्होंने दम तोड़ दिया था.
रिश्तेदारों से चल रहा था जमीन का विवाद : आकाश
बेटा आकाश बोयपाई ने बताया कि कुछ साल पहले अपने ही रिश्तेदारों के साथ जमीन और संपत्ति को लेकर विवाद हुआ था. आशंका है कि इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया है. आकाश ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगायी है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाये. पिता की मौत के बाद अब परिवार के सामने भरण-पोषण का बड़ा संकट खड़ा हो गया है.
खेती-किसानी से परिवार चलाता था संजय, गांव में मातम
टना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गये. मृतक संजय बोयपाई अपने पीछे पत्नी मरियम बोयपाई, पुत्र आकाश बोयपाई (18 वर्ष) और पुत्री शीतल बोयपाई (15 वर्ष) को छोड़ गये हैं. वे खेती-किसानी के जरिए अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. इस अचानक हुई घटना से हंसते-खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. स्थानीय लोग अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
कोट
प्रथम दृष्टया में मामला संपत्ति और जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है. जमीन को लेकर कुछ लोगों के साथ विवाद चल रहा था. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. घटनास्थल के आसपास के इनपुट्स जुटाये जा रहे हैं. संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. मृतक की पत्नी मरियम बोयपाई ने लिखित आवेदन दिया है. इसके आधार पर मामला दर्ज कर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे.
– अवधेश कुमार, थाना प्रभारी, चक्रधरपुरप्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










