Chaibasa news : दो साल से समस्याओं से घिरा है कोल्हान विवि, नयी वीसी से जल्द समाधान की आस

Updated at : 06 Mar 2025 12:38 AM (IST)
विज्ञापन
Chaibasa news : दो साल से समस्याओं से घिरा है कोल्हान विवि, नयी वीसी से जल्द समाधान की आस

कोल्हान विवि को अधिकतर निर्णय के लिए राजभवन से निर्देश लेने से मिलेगा छुटकारा

विज्ञापन

अनिल रंजन, चाईबासा

आदिवासी बहुल क्षेत्र कोल्हान प्रमंडल में उच्च शिक्षा के लिए स्थापित कोल्हान विश्वविद्यालय में करीब दो साल के बाद स्थायी कुलपति (वीसी) के पदस्थापन से कर्मियों में समस्याओं के समाधान होने की आस जगी है. यहां दो वर्षों से प्रभार वीसी थे. उन्हें अधिकतर निर्णय के लिए बार-बार राजभवन से निर्देश लेने पड़ते थे. हालांकि, अब स्थायी कुलपति के आने पर पॉलिसी से संबंधित समस्याओं के समाधान सीधे तौर पर हो सकेंगे. वर्तमान में कुलपति के प्रभार में कोल्हान आयुक्त हरि कुमार केसरी हैं.

मालूम हो कि 28 फरवरी, 2025 को जमशेदपुर वीमेंस कॉलेज की कुलपति डॉ प्रोफेसर अंजिला गुप्ता को तीन वर्ष के लिए कोल्हान विवि का वीसी नियुक्त किया गया है. इसकी अधिसूचना राज्यपाल सचिवालय ने जारी की है.

शिक्षकों का प्रमोशन 16 साल से लंबित

कोल्हान विश्वविद्यालय के विभिन्न अंगीभूत कॉलेजों में अपनी सेवा प्रदान करने वाले शिक्षकों का प्रमोशन पिछले 16 साल से अटका है. 2008 बैच के किसी शिक्षक का प्रमोशन अब तक नहीं हो पाया है. ऐसी स्थिति में वे प्रशासनिक पद पर आवेदन नहीं कर पा रहे हैं.

शिक्षकेतर कर्मचारियों को एसीपी का लाभ नहीं

विश्वविद्यालय के अंगीभूत कॉलेजों में पिछले पांच साल से शिक्षकेतर कर्मचारियों का प्रमोशन नहीं हो पाया है. इन कर्मियों को एसीपी का लाभ भी नहीं मिला है. वीसी के पदभार ग्रहण करने के बाद समस्या का समाधान निकलने की आस है.

समस्याओं से घिरे हैं वोकेशनल शिक्षक

नयी कुलपति के आने से वोकेशनल शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के कयास लगाये जा रहे हैं. बीएड व एमएड को मिलाकर 51 शिक्षक पिछले चार माह से बिना वेतन के काम कर रहे हैं. वहीं, बीबीए, बीसीए, एमबीए, एमसीए के व बीएससी आइटी के 22 शिक्षक अपनी सेवा प्रदान कर रहे हैं. उन्हें पिछले चार माह से वेतन नहीं मिल पाया है. वोकेशनल कोर्स के शिक्षकों का रिन्युअल का मामला जुलाई माह से अटका है.

आउटसोर्स कर्मियों को नौ माह से वेतन नहीं

केयू मुख्यालय समेत अंगीभूत कॉलेजों में सेवा देने वाले आउटसोर्स कर्मियों को पिछले 9 माह से वेतन नहीं मिला है.

विवि व कॉलेजों में शिक्षकों के 455 पद रिक्त

कोल्हान विवि के पीजी व अंगीभूत 20 कॉलेजों में शिक्षकों के लिए 795 पद सृजित हैं. वर्तमान समय में केयू के पीजी के 24 विभाग व अंगीभूत 20 कॉलेजों में शिक्षण कार्य 340 शिक्षक करा रहे हैं. इनमें 192 स्थायी व 148 नीड बेस्ड शिक्षक सेवा प्रदान कर रहे हैं. अब भी 455 शिक्षकों का स्थान रिक्त है. वर्ष 2008 के बाद नियुक्ति नहीं हुई है. वहीं, 2017 में 6 डिग्री कॉलेज खुले. इसमें शिक्षकों के अभाव से शिक्षण का कार्य प्रभावित हो रहे हैं. नयी वीसी के आने से शिक्षकों की बहाली के मार्ग खुलने की भी संभावना जतायी जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola