हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर 30 हजार रुपये लूटे
Published by : ATUL PATHAK Updated At : 02 Jun 2026 11:46 PM
घर में घुसकर बंधक बनाया, फिर नकदी लेकर फरार हुए बदमाश
चाईबासा.
कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के खंडखोरी गांव के राजाबासा टोला में सोमवार देर रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने एक दुकानदार के घर में घुसकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया. बदमाशों ने पिस्तौल और धारदार हथियार का भय दिखाकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और 30 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए. घटना सोमवार रात करीब दो बजे की बतायी जा रही है.छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश
जानकारी के अनुसार, राजाबासा टोला निवासी कमल पान स्थानीय बाजार में दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. देर रात एक बदमाश छत के रास्ते घर में घुसा और मुख्य दरवाजा खोलकर अपने अन्य साथियों को अंदर बुला लिया. इसके बाद तीन बदमाश घर में घुसे, जबकि एक बाहर निगरानी करता रहा. करीब एक घंटे तक बदमाशों ने घर में उत्पात मचाया और परिवार को आतंकित किया.
विरोध करने पर की मारपीट
पीड़ित कमल पान ने बताया कि बदमाश देसी पिस्तौल और धारदार हथियारों से लैस थे. घर में घुसते ही उन्होंने पिस्तौल तानकर उन्हें काबू में करने का प्रयास किया. विरोध करने पर बदमाशों ने हाथापाई की. उन्हें बिस्तर पर पटककर हाथ-पैर बांध दिये और गला दबाकर चुप रहने की धमकी दी.
पत्नी पर भी किया हमला
शोर सुनकर जागी उनकी पत्नी कमला देवी का भी मुंह दबा दिया गया. विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्तौल की बट से उनके सिर पर वार कर दिया. बदमाशों ने दंपती और उनके दो बच्चों को जान से मारने की धमकी दी. भयभीत परिवार ने घर में रखे 30 हजार रुपये बदमाशों को सौंप दिए. इसके बावजूद बदमाश और पैसे की मांग करते हुए मारपीट करते रहे. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










