Bokaro News : खनन विभाग की टीम को घेर कर मारपीट की, जब्त ट्रैक्टर छुड़ाया

Bokaro News : पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊपरघाट के कंजकिरो गांव की घटना
Bokaro News : पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र की कंजकिरो पहाड़ी पर हो रहे अवैध पत्थर खनन को रोकने गयी बोकारो खनन विभाग की टीम पर पत्थर माफियाओं और ग्रामीणों ने हमला कर दिया. हमलावरों ने न सिर्फ खनन निरीक्षक और टीम के सदस्यों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की, बल्कि जब्त अवैध पत्थर लदे ट्रैक्टर को भी जबरन छुड़ा लिया. घटना गुरुवार सुबह लगभग सात बजे ऊपरघाट के कंजकिरो गांव में हुई. बताया जाता है कि खनन निरीक्षक सीताराम टुडू के नेतृत्व में अजय कुमार और अन्य सदस्य अवैध खनन स्थल पर छापेमारी करने पहुंचे थे. टीम ने अवैध बोल्डर लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया और लौट रही थी. इसी दौरान छापेमारी की सूचना मिलने पर कंजकिरो गांव के एक दर्जन से अधिक ग्रामीण और अन्य लोगों का समूह मौके पर पहुंचा और टीम को घेर लिया. लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. स्थिति जल्द ही बिगड़ गयी और हमलावर टीम के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे. हमलावर जब्त ट्रैक्टर को भी जबरन छुड़ा कर अपने साथ लेते गये.
खनन निरीक्षक व अन्य से दुर्व्यवहार में आठ से अधिक पर प्राथमिकी :
खनन निरीक्षक सीताराम टुडू घटना के बाद टीम के साथ पेंक नारायणपुर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत की. निरीक्षक ने बताया कि यह हमला आपराधिक षड्यंत्र के तहत किया गया, जिसमें अवैध बोल्डर लदे ट्रैक्टर को जबरन छुड़ा लिया गया. निरीक्षक द्वारा दिये गये आवेदन के आधार पर पुलिस ने कंजकिरो निवासी निरंजन अग्रवाल, रेवत लाल महतो, निर्मल प्रजापति, निर्मल रजक, चेतलाल रजक, लाल मोहन तुरी, प्रदीप महतो, सुबोध ठाकुर सहित अन्य को आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज की है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




