1 करोड़ 73 लाख की लागत से निर्मित मवि रसुआर का उर्जा मंत्री ने किया उदघाटन

बच्चों को बेहतर वातावरण में पढ़ाई का मिलेगा अवसर : मंत्री
– बच्चों को बेहतर वातावरण में पढ़ाई का मिलेगा अवसर : मंत्री निर्मली. मरौना प्रखंड अंतर्गत ललमनिया पंचायत के रसुआर गांव में मध्य विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन गुरुवार को बिहार सरकार के ऊर्जा, मद्य निषेध, योजना-विकास एवं वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने किया. इस मौके पर सुपौल के जिलाधिकारी सावन कुमार सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि उन्हें जानकारी दी गई थी. विद्यालय में बड़ी संख्या में छात्र और छात्राएं पढ़ते हैं, लेकिन यहां स्कूल का भवन नहीं था. उन्होंने बताया कि सरकार की प्रक्रिया में समय लग सकता था, इसलिए उन्होंने जिलाधिकारी से कहा कि विधायक निधि से ही स्कूल भवन का निर्माण कराया जाए. मंत्री ने बताया कि लगभग एक करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से विधायक निधि से इस स्कूल भवन का निर्माण कराया गया है. जिससे अब बच्चों को बेहतर वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा. मंत्री ने स्कूल परिसर के विकास को लेकर भी कई निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि विद्यालय तक आने वाली सड़कों का निर्माण कराया जाए, पूरे परिसर में मिट्टी भराई कर समतलीकरण किया जाए. भविष्य में स्कूल की चारदीवारी भी बनाई जाए. उन्होंने विद्यालय परिसर में मौजूद आम के पेड़ों के रखरखाव के लिए भी सुझाव देते हुए कहा कि इन पेड़ों का नीलामी कर उससे मिलने वाली राशि को स्कूल के रखरखाव और विकास कार्यों में खर्च किया जाए. साथ ही कुछ प्रतिशत फल बच्चों के उपयोग के लिए भी छोड़े जाने की बात कही. अपने संबोधन में मंत्री ने मरौना क्षेत्र के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि कभी यहां की स्थिति बेहद खराब थी. उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब मरौना तक पहुंचना भी काफी मुश्किल होता था. लोग नाव से नदी पार कर इस इलाके में आते-जाते थे. सड़कें नहीं थीं और बुनियादी सुविधाओं का अभाव था. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में वर्ष 2005 के बाद से बिहार में तेजी से विकास कार्य हुए हैं. जिससे सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में बड़ा बदलाव आया है. मंत्री ने कहा कि दुनिया के बड़े अर्थशास्त्री और वैज्ञानिक भी मानते हैं कि किसी भी क्षेत्र से गरीबी खत्म करनी हो तो सबसे पहले वहां बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना जरूरी है. उन्होंने कहा कि कोसी क्षेत्र में भी लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं. आने वाले समय में यहां परिवहन और आधारभूत संरचना को और मजबूत किया जाएगा. मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि विकास के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर घर के बड़े लोग अच्छे संस्कार और ईमानदारी का उदाहरण पेश करेंगे तो उसका सकारात्मक प्रभाव बच्चों पर भी पड़ेगा. कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी सावन कुमार ने भी विद्यालय भवन निर्माण कार्य को लेकर खुशी जताई और कहा कि जिले में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है. कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




