थाना हाजत मौत मामले में राजगांव पहुंचे सांसद पप्पू यादव, एसआईटी जांच की मांग

मृतक के घर पहुचे सांसद पप्पू यादव
Jadia Police Custody Death Case: जदिया थाना हाजत में बिट्टू कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने राजगांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की, आर्थिक सहायता प्रदान की और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठन की मांग उठाई. इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, महंगाई, किसानों की समस्याओं और परीक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र व राज्य सरकार पर भी निशाना साधा.
जदिया (सुपौल) से उमेश कुमार की रिपोर्ट:
Jadia Police Custody Death Case: जदिया थाना हाजत में बिट्टू कुमार की संदिग्ध मौत के मामले में मंगलवार देर शाम पूर्णिया सांसद पप्पू यादव कोरियापट्टी पूरब पंचायत के राजगांव पहुंचे. उन्होंने मृतक के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया.
मृतक के परिजनों से बातचीत के दौरान सांसद ने घटना की जानकारी ली और तत्काल राहत के रूप में 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की. इस दौरान परिवार के सदस्यों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
एसआईटी जांच की उठाई मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए सांसद पप्पू यादव ने मौके से ही डीआईजी और सुपौल एसपी से मोबाइल पर बातचीत की. उन्होंने जदिया थाना हाजत में हुई मौत की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग की.
उन्होंने कहा कि पुलिस हिरासत में किसी व्यक्ति की मौत बेहद गंभीर मामला है और इसकी हर पहलू से जांच होनी चाहिए. सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या दोष पाया जाता है तो संबंधित लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.
पंचायत प्रतिनिधियों पर भी उठाए सवाल
सांसद ने स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि संकट की घड़ी में जनप्रतिनिधियों को पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना चाहिए था. उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि जनता के सच्चे प्रतिनिधि होते तो सबसे पहले पीड़ित परिवार के घर पहुंचते और उनके दुख-दर्द में सहभागी बनते.
बिचौलिया संस्कृति पर साधा निशाना
पप्पू यादव ने कहा कि सरकारी कार्यालयों से लेकर थाना और अंचल तक बिचौलियों का प्रभाव बढ़ता जा रहा है. गरीब और कमजोर वर्ग को अपने अधिकारों और न्याय के लिए संघर्ष करना पड़ता है, जबकि प्रभावशाली लोगों के काम आसानी से हो जाते हैं.
उन्होंने कहा कि बिचौलिया संस्कृति लोकतंत्र और सुशासन दोनों के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है.
कानून-व्यवस्था और परीक्षा प्रणाली पर सरकार को घेरा
मीडिया से बातचीत में सांसद ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि हत्या, लूट, अपहरण और अन्य अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. उन्होंने दावा किया कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता जा रहा है.
सांसद ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं का भी जिक्र किया और कहा कि इससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की मांग की.
महंगाई और किसानों की समस्याओं पर जताई चिंता
पप्पू यादव ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है. वहीं किसानों को समय पर खाद नहीं मिलने और कालाबाजारी की समस्या पर भी चिंता जताई.
उन्होंने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों की आमदनी में अपेक्षित वृद्धि नहीं हो रही है.
जनआंदोलन की जरूरत बताई
सांसद ने कहा कि किसानों, युवाओं, मजदूरों और गरीबों की समस्याओं को लेकर व्यापक जनआंदोलन की जरूरत है. उन्होंने लोगों से लोकतांत्रिक तरीके से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने का आह्वान किया.
सांसद के आगमन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे. पूरे क्षेत्र में थाना हाजत मौत मामले और न्याय की मांग को लेकर चर्चा होती रही.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shruti Kumari
श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










