कोसी में उफान, कई गांवों में घुसा पानी

Published at :04 Jul 2017 3:36 AM (IST)
विज्ञापन
कोसी में उफान, कई गांवों में घुसा पानी

आफत. नेपाल में रुक-रुक कर हो रही बारिश से बढ़ी परेशानी, पलायन करने को मजबूर हो रहे लोग सुपौल : नेपाल में रूक-रूक कर हो रही बारिश के कारण कोसी नदी उफान पर है. जिले के कई गांव में बाढ़ का पानी घुसने की सूचना मिली है. लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. […]

विज्ञापन

आफत. नेपाल में रुक-रुक कर हो रही बारिश से बढ़ी परेशानी, पलायन करने को मजबूर हो रहे लोग

सुपौल : नेपाल में रूक-रूक कर हो रही बारिश के कारण कोसी नदी उफान पर है. जिले के कई गांव में बाढ़ का पानी घुसने की सूचना मिली है. लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है. लोग पलायन को मजबूर हो रहे हैं. पश्चिमी कोसी तटबंध व सुरक्षा गाइड बांध के मझारी व सिकरहट‍्टा बांध पर पानी का दबाव बना हुआ है. इलाके में आवागमन की समस्या है. हालांकि बाढ़ को लेकर जिला प्रशासन काफी गंभीर है.
नाव पर निर्भर हो रही जिंदगी: मरौना प्रतिनिधि के मुताबिक कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि होने से तटबंध के भीतर बसे गांवों में पानी प्रवेश कर चुका है. जिस कारण लोग पलायन करने पर मजबूर हो रहे हैं.
आलम यह है तटबंध के भीतर बसे गांवों के लोगों की जिंदगी अब नाव पर ही निर्भर है. वहीं किसानों के कई एकड़ में लगी फसल को भी कोसी की प्रलयंकारी धारा अपनी चपेट में ले चुकी है. कोसी नदी का पानी अंचल क्षेत्र स्थित घोघररिया, बरहाड़ा व सिसौनी पंचायत के खुखनाहा, लक्ष्मनियां, जोबहा खास, महिषबेचा, पिपरापांती, सिसौनी छींट, मनाटोला, बेला, पंचगछिया आदि गांवों में फैल चुका है. बाढ़ की आशंका के मद्देनजर इस क्षेत्र में बसे लोग नाव के सहारे अपने माल-मवेशियों सहित पलायन करने पर विवश हो रहे हैं. सरकारी निर्देशानुसार इन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश प्रशासनिक स्तर से दे दिया गया है.
आवागमन बनी समस्या : कोसी के जलस्तर में वृद्वि के साथ ही कोसी प्रभावित इलाकों में आवागमन की समस्या खड़ी हो गयी है. बाढ़ अवधि आरंभ होने जाने के बावजूद अब तक प्रशासन द्वारा नाव मुहैया कराने की प्रकिया आरंभ नहीं की गयी है. नतीजतन लोगों को निजी नाव मालिकों के रहमो-करम पर आवागमन की विवशता बनी हुई है. ढोली पंचायत की मुखिया सुमित्रा, बनैनिया मुखिया शेख करीम, लौकहा मुखिया राज कुमार यादव व भपटियाही पंचायत के मुखिया नीलम मेहता ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी से सरकारी नाव देने की की मांग की है.
कुनौली प्रतिनिधि के अनुसार नेपाल के पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार मूसलधार बारिश होने से नेपाल स्थित तिलाठी के पास तिलयुगा नदी का बांध टूटने से भारतीय प्रभाग के सीमा क्षेत्र कुनौली व कमलपुर भी बाढ़ की चपेट में है. नेपाल से बह कर आनेवाली इस तिलयुगा नदी का बहाव भारतीय प्रभाग के कुनौली भंसार के शांति वन के पास सीमा सुरक्षा बांध में पूर्व से कटे क्षेत्र से भारतीय प्रभाग में होता है.
पश्चिमी कोसी तटबंध व सुरक्षा गाइड बांध के मझारी व सिकरहट‍्टा बांध पर बढ़ा पानी का दबाव
कोसी बराज से छाेड़ा गया 1.60 लाख क्यूसेक पानी
किशनपुर प्रतिनिधि के अनुसार कोसी नदी में जलस्तर बढ़ने के साथ ही लोगों की परेशानी भी बढ़ गयी है. पीड़ितों ने अभी से ही सुरक्षित स्थान की ओर पलायन करना शुरू कर दिया है. सोमवार की सुबह कोसी बराज से एक लाख 60 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद कोसी तटबंध के अंदर हांसा भलवा, चमेलवा दिघिया बुढियाडीह सुजानपुर झखराही सहित दर्जनों गांव में पानी घुस गया है. इससे कई एकड़ में लगे धान का बिचड़ा भी डूब गया है. किसानों ने बताया कि धान का बिचड़ा व मूंग की फसल डूबने के साथ ही धान रोपनी की उम्मीद भी समाप्त हो गयी है.
तटबंध के अंदर बसे
लागों की धड़कनें तेज
सरायगढ़ प्रतिनिधि के मुताबिक नेपाल पहाड़ी व भारत के तराई क्षेत्र में विगत तीन दिनों से हो रही मुसलधार बारिश के बाद कोसी नदी के जलस्तर में वृद्वि होने के साथ ही तटबंध के अंदर बसे लोगों की धड़कनें तेज हो गयी है. माॅनसून सत्र के आरंभ होने तथा नदी के जलस्तर में वृद्वि के साथ ही पूर्वी व पश्चिमी के भीतर बसे हजारों लोगों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड के बनैनिया, बलथरबा, ढोली, कटैया, भुलिया, सियानी, लौकहा पलार, करहरी, कबियाही, उग्रीपट‍्टी, झहुरा, लगुनिया, झखराही, गिरधारी सहित अन्य गांव नदी के पानी से घिर चुका है तथा पानी घरों में धीरे-धीरे प्रवेश कर रहा है. नौका के अभाव में कई लोग चाह कर भी दूसरे गांव नहीं जा पा रहे हैं. कई स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कोसी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव शुरू हो जाने से जगह-जगह नाव की जरूरत हो गयी है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन